छतरपुर: थाने में जहर खाने से युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाये मारपीट के गंभीर आरोप

छतरपुर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं पिछले तीन महीने में जिले के थानों के अंदर तीन मौतों के मामले सामने आ चुके हैं । वहीं लूट, चोरी, हत्या पर भी पुलिस का अंकुश नहीं है जिससे लोगों का विश्वास पुलिस से उठ रहा है ।
Chhatarpur Youth consumes poison in police station

Chhatarpur Youth consumes poison in police station

छतरपुर जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चंदला थाने में पति-पत्नी के विवाद के दौरान पति ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राम विशाल अहिरवार उर्फ रज्जू (22) निवासी नाहर, थाना चंदला के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली तथा व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें पिछले तीन महीने में जिले के थानों के अंदर तीन मौतों के मामले सामने आ चुके हैं । जिससे पुलिस की छवि दागदार हो रही है।

परिजनों का आरोप है कि राम विशाल को चोरी के झूठे शक में पुलिस थाने ले गई थी, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट से आहत होकर युवक ने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर पुलिस उसे पहले चंदला अस्पताल ले गई, फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी और माँ ने पुलिस पर लगाये गंभीर आरोप 

मृतक की पत्नी लीला अहिरवार ने बताया कि पति से लंबे समय से मारपीट का विवाद चल रहा था। उसकी भाभी ने चोरी का झूठा आरोप लगाया था। आज पुलिस राम विशाल को थाने ले गई थी। वह खुद मायके में थी और थाने में नहीं पहुंच सकी। थाने के अंदर बैठे पति ने जहर खा लिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने उसे मौत की सूचना दी। पुलिस पहले चंदला अस्पताल ले गई, फिर छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक की मां मुलिया अहिरवार ने पुलिस पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे को बड़ी बहू के झूठे चोरी के आरोप पर थाने बुलाया गया था। दोपहर करीब एक बजे पुलिस घर से उठाकर ले गई। थाने के अंदर बेटे के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने जहर खा लिया।

SDOP ने कहा पति पत्नी का विवाद था समझाइश के लिए थाने बुलाया था 

एसडीओपी नवीन दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राम विशाल की पत्नी लीला ने करीब 10 दिन पहले थाने में आवेदन दिया था कि उसका पति उसे परेशान कर रहा है। इसी आधार पर आज दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। दोनों को समझाइश दी जा रही थी। समझाइश के बाद दोनों को बाहर बैठा दिया गया था और पुलिस अन्य कार्यों में लग गई। उसी दौरान युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने तुरंत उसे चंदला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की घटना की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधीक्षक अगम जैन भी जिला अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से बात की।

बातचीत का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews