EOW का बड़ा एक्शन,नगर परिषद की CMO व उपयंत्री रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान CMO नेहा शर्मा ने स्वयं रिश्वत लेने के बजाय रकम उपयंत्री शोभित मिश्रा के माध्यम से मंगवाई। जैसे ही उपयंत्री शोभित मिश्रा ने रिश्वत की रकम ली, EOW टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
Chhatarpur CEO Bribe

छतरपुर जिले के नगर परिषद बक्सवाहा में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) सागर की टीम ने आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के बदले रिश्वत लेते हुए नगर परिषद बक्सवाहा की CMO नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मामले में आवेदक हरिओम अहिरवार, निवासी बक्सवाहा, जिला छतरपुर ने EOW सागर में शिकायत दर्ज कराई थी कि सीएमओ नेहा शर्मा द्वारा आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। सत्यापन के दौरान 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग की पुष्टि हुई।

ट्रैप कार्रवाई में खुला पूरा खेल

शिकायत सही पाए जाने पर EOW सागर द्वारा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान CMO नेहा शर्मा ने स्वयं रिश्वत लेने के बजाय रकम उपयंत्री शोभित मिश्रा के माध्यम से मंगवाई। जैसे ही उपयंत्री शोभित मिश्रा ने रिश्वत की रकम ली, EOW टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। पंच साक्षियों के समक्ष केमिकल से हाथ धुलवाने पर हाथ गुलाबी रंग के हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

आवेदन अभी भी नगर परिषद में लंबित

बताया गया है कि आवेदक का आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवेदन नगर परिषद बक्सवाहा में लंबित था। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना की जा रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews