
Chhatarpur mud house collapses two girls die
छतरपुर जिले के हिनौता थाना क्षेत्र के क्योटरा गांव में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लक्कू केवट का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। मकान गिरने से मलबे में दबकर दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि 24 वर्षीय हेमा केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन दो मासूमों की जान नहीं बचाई जा सकी। दोनों बच्चियों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
मंत्री ने अपनी तरफ से 50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई
इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल महिला और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मंत्री ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही शासन स्तर पर भी पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और मकान निर्माण के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
मंत्री पहुंचे, बोले- सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है
राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद की जाएगी। प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत मिल सके। बहरहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे मकानों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत इस बात की है कि ऐसे परिवारों को समय रहते सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
सौरभ शुक्ला की रिपोर्ट

