राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बनाए जाने से पहले ही रेखा यादव का विरोध शुरू, कार्यकर्ताओं ने लगाये आरोप, संगठन से पुनर्विचार की मांग

भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 2013 में जब रेखा यादव विधायक थी तब इन्होंने बड़ामलहरा नगर पंचायत चुनाव में पार्टी प्रत्याशी मनोज यादव का विरोध किया और पार्टी चुनाव हार गई थी।
Chhatarpur BJP worker Rekha Yadav protests

Chhatarpur BJP worker Rekha Yadav protests

मध्य प्रदेश भाजपा में इन दिनों निगम , मंडल और प्राधिकरण सहित अन्य नियुक्तियां की जा रही हैं, कुछ नियुक्तियों की घोषणा हो गई है कुछ के नाम चर्चा में है और जिनके नाम चर्चा में उनके समर्थक उन्हें सोशल मीडिया पर बधाइयाँ दे रहे हैं, उधर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चा में आई रेखा यादव का विरोध शुरू हो गया है, उनके खिलाफ स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है।

छतरपुर जिले की बड़ा मलहरा विधानसभा की पूर्व विधायक रेखा यादव को मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चा इन दिनों जोरों पर हैं, सूत्रों की मानें तो नाम तय है बस अधिकृत घोषणा होनी शेष है यही कारण है कि रेखा यादव के समर्थक उन्हें बधाई दे रहे हैं लेकिन इसी बीच रेखा यादव के विरोध में भी आवाज उठनी शुरू हो गई है खास बात ये है कि ये आवाज उनकी ही विधानसभा से उठी है।

छतरपुर भाजपा जिला कार्यालय में आज जिला अध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम से मुलाकात करने बड़ा मलहरा सहित आसपास की विधानसभाओं के कार्यकर्ता पहुंचे इनमें वरिष्ठ कार्यकर्ता भी शामिल थे, इन नेताओं का कहना था कि रेखा यादव ने कभी पार्टी का साथ नहीं दिया उन्होएँ हर चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों का विरोध किया इसलिए संगठन उन्हें जिम्मेदारी देने पर पुनर्विचार करे।

पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप 

जिला अध्यक्ष चंद्रभानसिंह गौतम की अनुपस्थिति में जिला महामंत्री अरविंद त्रिपाठी को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 2018 के विधानसभा चुनाव में रेखा यादव ने पार्टी प्रत्याशी ललिता यादव का खुलकर विरोध किया था जिसकी जानकारी प्रदेश कार्यालय को भी दी गई थी, परिणामस्वरूप भाजपा चुनाव हार गई थी।

स्थानीय कार्यकर्ताओं ने लगाये ये आरोप 

कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 2013 में जब ये विधायक थी तब इन्होंने बड़ामलहरा नगर पंचायत चुनाव में पार्टी प्रत्याशी मनोज यादव का विरोध किया और पार्टी चुनाव हार गई थी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने इन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था , ज्ञापन में कहा गया कि रेखा यादव की कार्यप्रणाली हमेशा पार्टी विरोधी रही है।

कार्यकर्ता भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात 

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम सभी भोपाल जाकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात करेंगे और उन्हें रेखा यादव के बारे में जानकारी देंगे, उन्होंने कहा कि हम विरोध नहीं कर रहे लेकिन पार्टी को रेखा यादव की कार्य प्रणाली की जानकारी दे रहे हैं जिससे संगठन अवगत रहे।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews