छत्तीसगढ़: नगर सैनिकों के लिए अच्छी खबर, मानदेय बढ़कर 30870 रुपए महीना होगा, गृह विभाग का प्रस्ताव तैयार

छत्तीसगढ़ के नगर सैनिकों के लिए खुशखबरी, मानदेय बढ़कर 30870 रुपए महीना होगा, महंगाई और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल, वर्तमान में मिलता है 19500 रुपए प्रतिमाह मानदेय, प्रदेश के 7900 नगर सैनिक होंगे लाभान्वित
CM Vishnu Deo Sai

छत्तीसगढ़ के नगर सैनिकों (Home Guards) के लिए राहत भरी खबर है। दिवाली से पहले राज्य की विष्णु देव साय सरकार ने नगर सैनिकों के मानदेय में भारी बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इसका लाभ 7 हजार से ज्यादा सैनिकों को मिलेगा। बता दें कि नगर सैनिक  कानून-व्यवस्था, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी सेवाएं देते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर गृह विभाग द्वारा तैयार किए गए नए प्रस्ताव के मुताबिक, मूल मानदेय 19,500 रुपये प्रतिमाह, महंगाई भत्ता (58 प्रतिशत) 11,310 रुपये, वर्दी धुलाई भत्ता 60 रुपये इस प्रकार कुल प्रस्तावित मानदेय 30,870 ( 1,029 रुपए प्रतिदिन) रुपये प्रतिमाह मिलेगा।

इस फैसले से प्रदेश के लगभग 7,900 नगर सैनिकों और उनके परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। नई दरें कब से लागू होंगी और भुगतान की प्रक्रिया क्या रहेगी, यह आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। स्वयंसेवी नगर सैनिकों ने मानदेय में हुई इस बढ़ोत्तरी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किए हैं।

यह वृद्धि करीब 3 सालों के बाद की गई है। इससे पहले 30 मई 2023 को 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपये की और वृद्धि की गई थी, जिसके बाद मानदेय 13,200 से बढ़कर 19,500 रुपये प्रतिमाह हो गया था। साल 2017 में मानदेय में 3,200 रुपये की वृद्धि कर इसे 10,000 रुपये से बढ़ाकर 13,200 रुपये प्रतिमाह किया गया था।

बता दें कि वर्तमान में माननीय न्यायालय के निर्देशों, लगातार बढ़ती महंगाई तथा नगर सैनिकों द्वारा ड्यूटियों के दौरान कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य आवश्यक सेवाओं में दिए जा रहे उत्कृष्ट योगदान को ध्यान में रखते हुए गृह विभाग ने यह अनुशंसा की है। शासन के इस कदम से न केवल नगर सैनिकों को आर्थिक संबल (मजबूती) प्राप्त होगी, बल्कि उनका मनोबल और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता भी और अधिक मजबूत होगी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews