बलरामपुर बस हादसा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की मुआवजे की घोषणा, अब तक 10 लोगों की गई जान

छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के पास बलरामपुर जिले में रविवार को हुए दर्दनाक बस हादसे में अब तक 10 की मौत और कई लोग घायल हो चुके हैं। इस हादसे को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मृतक के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
Chhattisgarh News

छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के पास बलरामपुर जिले में रविवार, 18 जनवरी 2026 को एक दर्दनाक बस हादसा हुआ था। इस हादसे में अब तक 10 की मौत और कई लोग घायल हो चुके हैं। इस हादसे को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। इतना ही नहीं इस हादसे में मृतक के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया है।

मृतक के परिजनों को ₹5 लाख का मुआवजा

मुख्यमंत्री साय ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि रविवार को बलरामपुर के पास हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने आगे कहा, राज्य सरकार द्वारा इस दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायल व्यक्तियों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही तत्काल राहत एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो और सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हरसंभव और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

कैसे हुआ यह दर्दनाक बस हादसा?

बता दें कि यह हादसा रविवार दोपहर में छत्तीसगढ़ सीमा से लगभग 7 किलोमीटर दूर झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में हुआ। बस में करीब 80 से 90 लोग सवार थे। यह लोग बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धीडीह से सगाई समारोह में शामिल होने के लिए ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में झारखंड के लोधगांव जा रहे थे। बस ओरसा-बंगलादारा घाटी में पहुंची थी, तभी ढलान में बस का ब्रेक फेल हो गया। तेज रफ्तार बस PWD रोड सेफ्टी गार्ड तोड़ते हुए पेड़ से टकराई और करीब 20 फीट नीचे जाकर सड़क पर पलट गई।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews