
छत्तीसगढ़ की सियासत में सोशल मीडिया पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कार्टून वॉर छिड़ गया है। बीजेपी ने दो कार्टून पोस्टर जारी किए, जिनमें कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोला गया। पहले पोस्टर में जेन-जेड को राहुल गांधी को लात मारते दिखाया गया, जबकि दूसरे में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व सीएम भूपेश बघेल को नोट बांटने का आरोप लगाते हुए रैली में भीड़ न जुटने का तंज कसा गया। बीजेपी ने ये पोस्टर अपने सोशल मीडिया पेज, फेसबुक और एक्स पर शेयर किए, जो तेजी से वायरल हो गए।
कांग्रेस ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपनी रैलियों के लिए बीजेपी को प्रतिनिधि नियुक्त करें, जो भीड़ का वीडियोग्राफी कर सही जानकारी दे। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी की सभाओं में पैसे देकर भीड़ बुलाई जाती है। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने बीजेपी की सोशल मीडिया सेल पर नेताओं और उनके परिजनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों का आरोप लगाया और पुलिस में FIR दर्ज कराने की बात कही।
सोशल मीडिया पर वायरल
बीजेपी ने भी पलटवार किया। प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस की गतिविधियां खुद सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस 200 रुपये देकर महिलाओं को बुलाती है, लेकिन 100 रुपये देकर धोखा देती है, जिससे लोग आक्रोशित हैं। चिमनानी ने दावा किया कि कांग्रेस के नेता एक मंच पर इकट्ठा होकर भी एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं।
‘पुलिस कार्रवाई करेगी या नहीं’
यह विवाद छत्तीसगढ़ की सियासत में नया रंग ला रहा है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी सरकार के राज में पुलिस कार्रवाई करेगी या नहीं, यह देखना बाकी है। वहीं, बीजेपी का दावा है कि जनता खुद कांग्रेस की हकीकत उजागर कर रही है। इस कार्टून वॉर ने दोनों दलों के बीच तनातनी को और बढ़ा दिया है।
