पीएम मोदी के जन्मदिन पर सीएम साय ने शुरू किया ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’, जानें कितना खास है यह अभियान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग के स्टालों का अवलोकन किया और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके आजीविका कार्यों के बारे में चर्चा की।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर सीएम साय ने शुरू किया ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’, जानें कितना खास है यह अभियान

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025 पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने रायपुर नगर निगम और अन्य नगरीय निकायों के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने खुद झाड़ू उठाकर परिसर की सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वच्छता हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और इस पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया, यह कहते हुए कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि हमें इस लक्ष्य को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना होगा।

नगरीय प्रशासन विभाग के स्टालों का अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग के स्टालों का अवलोकन किया और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके आजीविका कार्यों के बारे में चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, सीएसपीडीसीएल, क्रेडा की पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और कचरा प्रबंधन मॉडल जैसे स्टालों का दौरा किया। साथ ही, ‘खुशियों का ठेला’ के तहत महिला वेंडर्स को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें यूपीआई साउंड बॉक्स डिवाइस प्रदान किया।

विश्वास और विकास का नया वातावरण

सीएम साय ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विश्वास और विकास का नया वातावरण बना है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मोदी जी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता प्रयासरत रहेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी और महापौर मीनल चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews