खड़गे के विवादित बयान को लेकर सीएम साय ने किया पलटवार, कहा- मोदी भारत की प्रगति और गौरव के प्रतीक

सीएम साय ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आत्मनिर्भर भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर बदल दी है।
खड़गे के विवादित बयान को लेकर सीएम साय ने किया पलटवार, कहा- मोदी भारत की प्रगति और गौरव के प्रतीक

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “देश का दुश्मन” बताने वाले बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। सीएम साय ने इसे न केवल आपत्तिजनक, बल्कि राष्ट्रहित के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं, जो दिन-रात देशवासियों की सेवा और कल्याण के लिए समर्पित हैं। साय ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व सम्मान हासिल किया है, और खड़गे का यह बयान राष्ट्र के गौरव को ठेस पहुंचाने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष और डिजिटल क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की है। साय ने बताया कि 2014 से पहले कांग्रेस शासन में भारत की अर्थव्यवस्था दसवें स्थान पर थी, लेकिन मोदी जी के 11 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने चौथा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि देश की एकता और विश्वास का परिणाम है, जो मोदी जी की नीतियों और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाता है।

कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई दृष्टि

सीएम साय ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। आत्मनिर्भर भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने देश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खड़गे का बयान आधारहीन और जनता को गुमराह करने वाला है। साय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न तो कोई ठोस मुद्दा है और न ही कोई दृष्टि, जिसके चलते वे व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा ले रहे हैं।

खड़गे अपने बयान के लिए देश से माफी मांगे

अंत में, मुख्यमंत्री ने मांग की कि खड़गे को अपने बयान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व भारत की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने देश को आर्थिक महाशक्ति और वैश्विक मंच पर प्रभावशाली बनाया है। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरा देश मोदी जी के नेतृत्व पर गर्व करता है और उनका विज़न भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में अग्रसर है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews