छत्तीसगढ़: ‘राधे-राधे’ बोलने पर नर्सरी की बच्ची के मुंह पर टेप चिपकाया, स्कूल प्रिंसिपल गिरफ्तार

घटना पर राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव या उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छत्तीसगढ़: ‘राधे-राधे’ बोलने पर नर्सरी की बच्ची के मुंह पर टेप चिपकाया, स्कूल प्रिंसिपल गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मदर टेरेसा इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रिंसिपल ने नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े तीन साल की बच्ची के मुंह पर टेप चिपका दिया। वजह? बच्ची ने कक्षा में ‘राधे-राधे’ बोल दिया था।

क्या है मामला?

यह मामला दुर्ग के बागडुमर इलाके का है। पीड़ित बच्ची के पिता प्रवीण यादव ने बताया कि जब उनकी बेटी स्कूल से लौटी, तो वह डरी-सहमी हुई थी और उसके चेहरे पर चुप्पी थी। पूछने पर बच्ची ने बताया कि उसने ‘राधे-राधे’ कहा था, जिस पर स्कूल की प्रिंसिपल ईला ईवन कौलविन ने पहले उसकी कलाई पर मारा और फिर मुंह पर टेप चिपका दिया। बच्ची की कलाई पर पिटाई के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों ने नंदनी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए स्कूल की प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर लिया है।

सरकार का रुख

घटना पर राज्य के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सख्त प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव या उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नागरिकों को अपने धर्म के अनुसार आचरण करने का अधिकार है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित बताया, खासकर एक मासूम बच्ची के साथ हुए बर्ताव को लेकर। डिप्टी सीएम ने यह भी भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

समाज में आक्रोश

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में आक्रोश है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस घटना की तीखी आलोचना की है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतनी छोटी उम्र के बच्चों को धर्म के नाम पर आखिर किस मानसिकता का सामना करना पड़ रहा है?

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews