
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को राजिम में नई मेमू ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। रायपुर से राजिम के लिए शुरू हुई इस रेल सेवा के साथ ही रायपुर-अभनपुर मेमू ट्रेन को भी राजिम तक विस्तारित किया गया है। इस अवसर पर भारी संख्या में लोग स्टेशन पर उपस्थित थे और कई यात्रियों ने पहली ट्रेन में सफर किया। सीएम साय ने कहा कि यह सेवा राजिम, गरियाबंद और देवभोग क्षेत्र के लोगों के लिए किफायती और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह ट्रेन सेवा छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयागराज कहलाने वाला राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से रायपुर तक आवागमन आसान हो गया है। सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे में 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे रेल कनेक्टिविटी में तेजी आएगी।
साधु-संतों और पर्यटकों को सुविधा
रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नई रेल सेवा से राजिम आने वाले साधु-संतों और पर्यटकों को सुविधा होगी, जिससे पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी इस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि अब श्रद्धालु और पर्यटक आसानी से राजिम से रायपुर और डोंगरगढ़ तक यात्रा कर सकेंगे। वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि इस सेवा से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ के पांच रेलवे स्टेशनों को निर्मल भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत उन्नत किया जाएगा।
ट्रेन में 6 सामान्य डिब्बे
रेलवे के अनुसार, 19 सितंबर 2025 से गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन में 6 सामान्य डिब्बे और 2 पावरकार सहित कुल 8 कोच होंगे। रायपुर से अभनपुर तक का किराया मात्र 10 रुपये निर्धारित किया गया है। यह सेवा न केवल किफायती है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए समय की बचत भी करेगी।
