
दीपावली से पहले मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई लगातार देखने को मिल रही है। छिंदवाड़ा में भी मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। टीम शहर के अलग क्षेत्रों में पहुंची और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की।
खाद्य विभाग द्वारा शहर के जामई, मोरडोंगरी, जुन्नारदेव और सौंसर में जांच पड़ताल कर कार्रवाई की गई। होटल रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर अलग-अलग जगह से मिठाई और खाद्य पदार्थों के सैंपल इकट्ठा किए गए। जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद अगर नियमों में गड़बड़ी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई की दुकानों से लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम नागपुर रोड स्थित रिलायंस रिटेल मॉल और चंदनगांव स्थित एलपी डील स्टोर पर पहुंची और निरीक्षण किया। वैशाली राजस्थान स्वीट्स, पारस स्वीट्स, काशी स्वीट्स सहित अन्य दुकानों से चमचम, मिल्क केक, गुलाब जामुन सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।

गैस सिलेंडर और नापतौल कांटे की भी जांच
कार्रवाई की तरह संयुक्त टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच तो की ही। इसी के साथ गैस सिलेंडर के उपयोग और नापतौल की व्यवस्था की भी जांच की। जांच अभियान के तहत जो नमूने लिए गए हैं उन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
यहां भी हुई जांच
टीम द्वारा जुन्नारदेव के बीकानेर मिष्ठान कारखाने, सौंसर के कांकड़े रेस्टोरेंट, बीकानेर मिष्ठान भंडार, जामई के ज्योति मिष्ठान भंडार, रॉयल मिष्ठान भण्डार पप्पू होटल, आकांक्षा मिष्ठान भंडार, चाय चौपाटी का निरीक्षण किया। इसके अलावा अन्य इलाकों में भी जांच अभियान चलाया गया।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

