
dabra police
Dabra News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की पुलिस आपराधिक गतिविधियों पर सख्त है। दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अपने अपने थाना क्षेत्रों में पुराने अपराधों का तत्काल निराकरण करें और फरार आरोपियों को जल्द से जल्द हवालात में डाला जाए। इसी निर्देश और एसडीओपी विवेक कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में सिटी टीआई यशवंत गोयल ने टीम के साथ एक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान उन्होंने एक शातिर चोर को पड़ताल करने के बाद ग्राम कर्रा दफाई से गिरफ्तार किया और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया है।
लिफ्ट के बहाने महिला से लूटे गहने
इस मामले में थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि डबरा देहात निवासी 65 वर्षीय आनंदी देवी पत्नी सवाई लाल बाथम 26 मई को अपनी बेटी से मिलने के लिए शिव कॉलोनी गली नंबर पांच आई थी और बेटी से मिलने के बाद वह पैदल वापस जा रही थी। इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और उनसे पूछा माताजी कहां जा रही हो और महिला को लिफ्ट ऑफर किया था। वहीं, युवक की बातों में आकर बुजुर्ग महिला उसकी बाइक पर बैठ गई, जिसके बाद युवक ने महिला को एकांत में ले जाकर बाइक को रोक दिया था और उसके गले से और कानों से सोने के जेवर को छीन लिया। बदमाश ने महिला के पास से तकरीबन एक तोला सोने के जेवर को छीन कर ले गया था। हांलाकि, महिला ने शोर भी मचाया लेकिन तब तक युवक भाग चुका था।
सामान बरामद
बुजुर्ग महिला की शिकायत पर सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी, जिसमें पुलिस को बदमाश को गिरफ्तार करने में शुक्रवार को सफलता मिली। पुलिस की पूछतात में आरोपी ने अपना नाम बलवीर परिहार पुत्र रमेश परिहार उम्र 35 साल निवासी कर्रा बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना हुआ मंगलसूत्र और कान में पहने जाने वाले सोने के जेवर को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

[dgv_vimeo_video id=”952354809″]
डबरा से अरूण रजक की रिपोर्ट
