डबरा की बदहाल सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट और जाम से परेशान लोग, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जर्जर सड़कों से लेकर महिलाओं के लिए सार्वजनिक प्रसाधन, नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक जाम तक उठाए मुद्दे; संयुक्त निरीक्षण और समयबद्ध कार्ययोजना की मांग
डबरा की बदहाल सड़कें, बंद स्ट्रीट लाइट और जाम से परेशान लोग, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

डबरा। शहर की बदहाल सड़कें, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, नालियों की सफाई, यातायात जाम और महिलाओं के लिए सार्वजनिक प्रसाधन जैसी समस्याओं को लेकर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप डबरा ने आवाज उठाई है। ग्रुप के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शहर की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की है।

ज्ञापन में सबसे ज्यादा चिंता शहर की जर्जर सड़कों को लेकर जताई गई है। ग्रुप का कहना है कि ठाकुर बाबा रोड, पुराना गाड़ी अड्डा रोड, बुजुर्ग रोड, ओवरब्रिज के दोनों ओर की सड़क और मंगी बाबू के मकान से जेल रोड तक जाने वाली तिवारी फार्म रोड की हालत बेहद खराब है। इन रास्तों से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर इनका निर्माण या पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए।

महिलाओं के लिए सार्वजनिक प्रसाधन की मांग

ग्रुप ने शहर में महिलाओं के लिए पर्याप्त सार्वजनिक प्रसाधन नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। प्रमुख बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए साफ और व्यवस्थित प्रसाधन की व्यवस्था करने की मांग की गई है।

इसके अलावा नालियों की नियमित सफाई और जरूरत के अनुसार चौड़ीकरण, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने, शहर में यातायात और जाम की समस्या का समाधान करने तथा सफाई और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुधारने की मांग रखी गई। नागरिकों की शिकायतों के निराकरण के लिए भी प्रभावी व्यवस्था बनाने को कहा गया है।

जैन मानस्तंभ के आसपास अवैध बैनर-पोस्टर पर भी उठाया मुद्दा

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने शहर के जैन मानस्तंभ की नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण की मांग की है। साथ ही मानस्तंभ के आसपास बिना अनुमति लगाए जाने वाले बैनर, पोस्टर और होर्डिंग पर रोक लगाने को कहा है।

ग्रुप ने धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों तथा बिजली के खंभों पर अवैध रूप से लगाए जाने वाले बैनर-होर्डिंग के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

शहर के विकास में नागरिकों की भागीदारी का दिया सुझाव

ज्ञापन में केवल समस्याएं ही नहीं उठाई गईं, बल्कि शहर के योजनाबद्ध विकास के लिए एक सुझाव भी दिया गया है। ग्रुप ने प्रशासन, नगर पालिका, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों को शामिल करते हुए समन्वय अथवा सलाहकार समिति बनाने की मांग की है।

ग्रुप का कहना है कि ऐसी समिति बनने पर शहर की समस्याओं को लेकर अलग-अलग पक्ष एक मंच पर चर्चा कर सकेंगे और समाधान के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार हो सकेगी। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी कर प्रशासन के साथ सहयोग करने की बात कही है।

संयुक्त निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने की मांग

ज्ञापन को ग्रुप के सचिव सत्येंद्र जैन ने पढ़कर सुनाया। संगठन ने अधिकारियों से मांग की है कि उठाई गई समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों का संयुक्त स्थल निरीक्षण कराया जाए, समयबद्ध कार्ययोजना तैयार हो और की गई कार्रवाई की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को भी दी जाए।

इस दौरान ग्रुप अध्यक्ष महेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष नवनीत जैन, उपाध्यक्ष पियूष जैन और जितेंद्र जैन, सह-सचिव आनंद जैन, सह-कोषाध्यक्ष मुनेन्द्र जैन सहित आदित्य जैन (आशु), विवेक जैन (विशु), आदित्य जैन (रॉकी), विवेक जैन (पत्थर वाले), मोहित जैन, नितिन जैन और राहुल जैन मौजूद रहे।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप का कहना है कि ये समस्याएं किसी एक व्यक्ति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे डबरा शहर से जुड़ी हैं। इसलिए प्रशासन और नगर पालिका को प्राथमिकता के आधार पर इनका समाधान करना चाहिए।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews