दमोह: जुआ फड़ पर पकड़े गए व्यक्ति की मौत के बाद हंगामा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया पथराव, एसडीएम और टीआई घायल

दमोह में जुए की फड़ पर पकड़े गए एक व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ये मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस पर पथराव कर दिया गया। समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए।
Damoh

दमोह के गांव हिंडोरिया में ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर पथराव करने का मामला सामने आया है। इसमें एक एडीएम और टीआई के घायल होने की खबर है। गुस्साए हुए ग्रामीण को जब सीएसपी और लेडी एसडीओपी ने समझाया तब जाकर वो शांत हुए।

पुलिस पर हुए पथराव के बाद सुरक्षा की दृष्टि से गांव में चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। दरअसल यह सब कुछ जुए की फड़ पर पकड़े गए एक व्यक्ति की मौत के बाद हुआ। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा की गई कथित मारपीट की वजह से शिव सिंह की मौत हुई है। जबकि पुलिस ने मौत के कारण पर तत्काल कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया। यही वजह रही कि पुलिस पर पथराव किया गया।

ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा

जब शिव सिंह का शव पैनल पोस्टमार्टम के बाद दोपहर 3 बजे गांव पहुंचा। तब मौके पर दमोह, पथरिया, पटेरा और हिंडोरिया थाने का पुलिस बल तैनात था। शव देखते ही ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और पुलिस पर पथराव कर दिया। इस पथराव में दमोह एसडीएम सौरभ गंधर्व और पथरिया टीआई महेंद्र जगेत को चोट आई है। दोनों का बांदकपुर स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया। स्थिति बिगड़ती हुई देख पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी और दमोह सीएसपी एचआर पांडे ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की तब जाकर वह शांत हुए। करीब 1 घंटे तक गहमा गहमी की स्थिति बनी रही। उसके बाद अंतिम संस्कार किया जा सका।

जांच समिति गठित

शिव सिंह के परिजन इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। इसी को देखते हुए एसपी आनंद कालादगी ने जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी बनाने की बात कही। इस कमेटी की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं पीड़ित परिवार को शासन से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।

लाइन अटैच 8 पुलिसकर्मी

इस मामले में गांव में हंगामा करने से पहले परिजनों ने ही हिंडोरिया अस्पताल में भी हंगामा किया था। इसके बाद एसपी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की थी। उन्होंने 8 पुलिसकर्मियों एएसआई राजेंद्र मिश्रा, एएसआई रामकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संजय पाठक,अविनाश जाट, देवेंद्र ठाकुर, वीरेंद्र मिश्रा, दीपचंद्र चौधरी और शिवसदन को लाइन अटैच किया है।

क्या है मामला

दरअसल बांदकपुर और हिंडोरिया पुलिस ने हिनौता गांव में जुए के अड्डे पर छापा मारा था। यहां से पुलिस ने शिव सिंह लोधी को पकड़ा था। बेटे के मुताबिक पुलिस ने उनके पिता के साथ मारपीट की और बाद में तबीयत बिगड़ने की सूचना फोन पर दी। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार ने यह भी बताया कि शिव सिंह हृदय रोगी थे और उनके दिल में पहले से स्टेंट लगे हुए थे, लेकिन उनका कहना है कि मौत बीमारी से नहीं बल्कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान लगी चोटों के कारण हुई।

Dinesh Agrawal
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews