
Damoh News : मध्य प्रदेश का दमोह जिला आए-दिन किसी-ना-किसी मुद्दे को लेकर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहता है। इन दिनों अवैध शराब का कारोबार और शराब तस्करी सुर्ख़ियो में है। इसी बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जब यहां तस्करों ने तस्करी का नया तरीका खोजा है, जिससे हर कोई हैरान है।
नशे के कारोबार को अंजाम देने के लिए दिव्यांग को शामिल किया गया और उसकी मोटर बाइक के जरिए शराब की खेप पहुंचाने का काम कराया जा रहा था। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
रनेह कस्बे का मामला
दरअसल, मामला रनेह कस्बे का है। जब एक दिव्यांग व्यक्ति को तस्करी के काम में इस्तेमाल किया गया। वहीं, अवैध कारोबार के खिलाफ नशा विरोधी संस्था भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा मुहिम चलाया जा रहा है, जोकि लगातार शराब तस्करों को पुलिस के माध्यम से पकड़वाने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में संगठन के लोगों ने एक दिव्यांग को पकड़ा, जिसे लेकर सूचना मिली थी कि दिव्यांग शख्स अपनी मोटर बाइक के जरिए शराब की तस्करी कर रहा है। इस कार्य के लिए जिस मोटर बाइक का इस्तेमाल किया जा रहा था वह सरकार द्वारा दिव्यांग को प्रदान किया गया था। बता दें कि आरोपी ने बाइक के पिछले हिस्से में बड़ा बॉक्स बनावा रखा है, जिसमें बाइक की बैटरी लगी होती है, लेकिन दिव्यांग ने इस बॉक्स से बैटरी निकालकर उसमें शराब की बोतलें भरता था और इसे अवैध संचालित अड्डों पर सप्लाई करता था। जब लोगों ने उसे पकड़ा तो बैटरी बॉक्स में शराब भरी हुई थी।
जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ करने पर दिव्यांग ने इसे स्वीकार कर लिया है। दिव्यांग के मूताबिक, रनेह कस्बे का ही एक शख्स उससे ये काम करवा रहा था। इसके बदले उसे 100 रुपये मिलते थे। उसने बताया कि बीते 1 महीने से वो रोजाना इसी तरह शराब की सप्लाई कर रहा है। फिलहाल, संगठन के लोगों ने इस दिव्यांग को शराब के साथ पुलिस के हवाले किया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
[dgv_vimeo_video id=”1026030775″]
दमोह, दिनेश अग्रवाल
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

