Hindi News

लापरवाही, अनुशासनहीनता, आदेश का उल्लंघन पड़ा भारी, दतिया जिला शिक्षा अधिकारी को हटाया

Written by:Atul Saxena
Published:
दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कार्य में लापरवाही, अनियमितता और अनुशासनहीनता के चलते प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी यूएन मिश्रा को पद से हटा दिया है और उनकी जगह सुनील शुक्ला को जिमेदारी सौंप दी है।
लापरवाही, अनुशासनहीनता, आदेश का उल्लंघन पड़ा भारी, दतिया जिला शिक्षा अधिकारी को हटाया

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि शासकीय कार्य में लापरवाही, जनता को सुविधा उपलब्ध कराने में लापरवाही, सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचाने में लापरवाही करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को बक्शा नहीं जायेगा, लेकिन कुछ अधिकारी ऐसे हैं जो सीएम के आदेश की भी परवाह नहीं करते ऐसे ही एक अधिकारी को आज कलेक्टर ने पद से हटा दिया है ।

दतिया जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी यू एन को कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने निलंबित कर दिया है, उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रहीं थी, विभागीय कर्मचारी उनकी कार्यशैली की शिकायत कलेक्टर से लेकर सीएम  हेल्पलाइन तक कर रहे थे, कलेक्टर ने कई बार DEO मिश्रा को निर्देश दिए, चेतावनी दी लेकिन उनकी कार्यशैली में बदलाव नहीं हुआ जिसके बाद आज कलेक्टर ने उनका निलंबन आदेश जारी कर दिया।

ये लिखा कलेक्टर ने अपने आदेश में 

अपने आदेश में कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने लिखा-  प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी यू एन मिश्रा द्वारा अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में निरंतर घोर लापरवाही, उदासीनता एवं प्रशासनिक अनुशासनहीनता प्रदर्शित की जा रही है। पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति तथा अन्य शिकायतों के समय-सीमा में निराकरण न करने के कारण बड़ी संख्या में आवेदक अत्यधिक परेशानी का सामना कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें बार-बार जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें दर्ज कराने के लिए विवश होना पड़ रहा है।

कलेक्टर के आदेश को भी नजरअंदाज किया 

कलेक्टर ने लिखा प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी यूएन मिश्रा को अनेक अवसरों पर आवश्यक सुधार के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जान के बावजूद भी उनके कार्य-संचालन एवं व्यवहार में कोई सकारात्मक परिवर्तन दिखाई नहीं दिया जो अत्यंत गंभीर और दायित्वहीन है।

राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में हुई थी अव्यवस्था  

इसके अतिरिक्त, स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा  (क्रिकेट अंडर-19) प्रतियोगिता, वर्ष 2025 के दौरान मिश्रा ‌द्वारा किए गए दुर्व्यवस्थापूर्ण प्रबंधन के कारण खेल आयोजन में भारी अव्यवस्था रही जिससे जिला प्रशासन की साख एवं छवि गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। यह कृत्य अत्यंत दायित्वहीन तथा पद के प्रतिकूल आचरण की श्रेणी में आता है।

यूएन मिश्रा को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पद से हटाया  

आदेश में कलेक्टर ने लिखा, इन सभी तथ्यों एवं अनियमितताओं को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए यूएन मिश्रा (मूल पद, प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक वि‌द्यालय ) को तत्काल प्रभाव से प्रभारी जिला शिখা अधिकारी, दतिया के पद से मुक्त किया जाता है। उनके स्थान पर सुनील शुक्ला, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक वि‌द्यालय, उनाव को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, का प्रभार आगामी आदेश तक के लिए सौंपा जाता है।

टाइम लिमिट बैठक में अधिकारियों को निर्देश 

कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक में सभी विभागों के सीएम हेल्पलाइन प्रकरण, कार्य प्रगति, लंबित मामलों, विभागवार रिक्त पदों, PMAY (शहरी) 2.0 तथा शासन की प्राथमिक योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Atul Saxena
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena
Follow Us :GoogleNews