
करीब 20 साल की नौकरी में 65 लाख रुपये का अनुमानित वेतन आय और खर्च का आंकड़ा 2 करोड़ 41 लाख रुपये से ज्यादा… यह हिसाब मध्य प्रदेश के धार जिले के नालछा में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर का है, जिनके तीन ठिकानों पर बुधवार, 4 नवंबर को इंदौर लोकायुक्त ने एक साथ छापा मारा।
प्रारंभिक जांच में आलीशान मकान, व्यावसायिक भवन, कृषि भूमि, JCB और कई वाहनों की खरीद से जुड़ी जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त के मुताबिक, शेरसिंह का अनुमानित खर्च उनकी वैध आय से 271.46 प्रतिशत अधिक है। फिलहाल लोकायुक्त की तीन अलग-अलग टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर सर्च कर रही हैं।
ये है पूरा मामला
दरअसल, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की सूचना मिलने के बाद लोकायुक्त ने उनकी संपत्तियों की जांच शुरू की थी। इस दौरान उनके निवास स्थान सोड़पुर में 0.1520 हेक्टेयर का एक कथित बेनामी भूखंड सामने आया, जिस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बना है। जमीन खरीदने और मकान बनवाने पर करीब 97 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।
इसके अलावा नालछा में मांडव रोड के सोड़पुर तिराहे पर 1350 वर्गफीट का एक भवन भी मिला है, जिसका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
इतना ही नहीं मकानों के अलावा शेरसिंह की पत्नी कविता ठाकुर के नाम पर खरीदी गई जमीन भी जांच के दायरे में है। लोकायुक्त के अनुसार, सोड़पुर में उनके नाम 0.645 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये है। वहीं मांडव में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि पर करीब 42 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। शेरसिंह के पास JCB, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा TUV, ऑल्टो कार, बुलेट और कृषि उपकरणों की खरीद पर भी लगभग 53 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मामला दर्ज, संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच जारी
लोकायुक्त को एक और कथित बेनामी भवन की जानकारी मिली है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा अलग-अलग ठिकानों पर मिले ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य कृषि उपकरणों के मालिकाना हक तथा कीमत की जांच अभी बाकी है। यानी अब तक सामने आया 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये का अनुमानित खर्च अंतिम आंकड़ा नहीं है।
इंदौर लोकायुक्त ने शेरसिंह ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को सोड़पुर, नालछा और मांडव में तीन अलग-अलग टीमों ने एक साथ सर्च कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में डीएसपी आनंद चौहान और निरीक्षक आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर तथा सचिन पटेरिया की टीमें संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

