
मध्य प्रदेश में अवैध पटाखे बेचने को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। अलग-अलग जिलों में पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। सीहोर में भी सूचना के आधार पर पुलिस, प्रशासन और नगरपालिका की टीम की संयुक्त कार्रवाई देखने को मिली।
जानकारी के मुताबिक सीएसपी डॉ अभिनंदना शर्मा और एसडीएम तन्मय वर्मा ने इस कार्रवाई को लेकर निर्देश दिए थे। इसके बाद तहसीलदार अमित सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
कार्बाइड गन और लैंप पर है रोक
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर पहले ही कार्बाइड गन और लैंप पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। ऐसे में जांच करने पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि सरकार को निर्देश के मुताबिक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप को बनाना, खरीदना, बेचना या फिर रखना और इस्तेमाल करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। जो भी नियमों का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ करवाई की जाएगी। प्रशासन ने दुकानदारों और आम जनता से अपील की है कि अगर कहीं भी कार्बाइड गन के बारे में जानकारी लगती है, तो पुलिस को सूचना दें।
टीम ने की जांच पड़ताल
अवैध पटाखे बेचने की सूचना मिलने के बाद टीम स्थानीय बाजार, मैगजीन और बीएसआई मैदान पहुंची। यहां पर जो भी पटाखा दुकानें लगी हुई थी उनका निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों से लाइसेंस बताने को कहा। इसी के साथ रेत की बाल्टी, अग्निशमन यंत्र और पानी की व्यवस्था की भी जांच की। दुकानदारों को समझाइश दी गई है कि वह पटाखे सुरक्षित तरीके से रखें। दुकान के आसपास ज्वलनशील सामान नहीं रखने और सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर पहुंची टीम को अवैध पटाखे नहीं मिले। लेकिन दुकानदारों को चेतावनी दी गई है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

