राजस्थान में पैसेंजर ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका, पटरी क्षतिग्रस्त, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं

राजस्थान के श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात हुए ब्लास्ट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात 9:45 बजे हुए धमाके से पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक टूट गए और ट्रैक के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया।
राजस्थान में पैसेंजर ट्रेन गुजरने के 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर धमाका, पटरी क्षतिग्रस्त, सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं

श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात हुए धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल रात करीब 9:45 बजे हुए ब्लास्ट से पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक टूट गए और रेलवे लाइन के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना से लगभग 45 मिनट पहले इसी ट्रैक से पैसेंजर ट्रेन गुजरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस आईबी, सीआईडी और एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के तौर पर रेलवे ट्रैफिक बंद किया गया और बुधवार को इस रूट की चार ट्रेनें रद्द कर दी गईं।

दरअसल धमाके की आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। रेलवे ट्रैक से करीब 200 मीटर दूर एक ढाणी में रहने वाले ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रात करीब 11 बजे पुलिस और दूसरे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद जांच का काम शुरू हुआ। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ब्लास्ट किस तरह किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके से मिले सबूतों के आधार पर जांच कर रही हैं।

अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ट्रैक पर हुआ धमाका

जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ जंक्शन से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे 50 जीबी गांव के आसपास से गुजरी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रात 9:45 बजे रेलवे पटरी पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास मौजूद ग्रामीण आवाज सुनकर रेलवे लाइन की तरफ पहुंचे। वहां पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो ब्लॉक टूटे हुए मिले और पटरियों के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा दिखाई दिया।

वहीं ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। रात करीब 11 बजे पुलिस टीम और दूसरे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। ब्लास्ट के बाद रेलवे ट्रैक की स्थिति देखते हुए इस लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। बुधवार सुबह 9 बजे तक ट्रैक पर ट्रैफिक बंद रखने की जानकारी दी गई थी। इसके साथ ही बुधवार को इस रूट से गुजरने वाली चार ट्रेनें रद्द कर दी गईं। रेलवे ट्रैक पर हुए नुकसान और जांच की स्थिति को देखते हुए आगे की आवाजाही का फैसला किया जाएगा।

आईबी, सीआईडी और एटीएस की टीम ने संभाली जांच

वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रात करीब 2 बजे आईबी और सीआईडी की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके करीब 15 मिनट बाद रात सवा दो बजे एटीएस के एडिशनल एसपी सुरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। टीमों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ब्लास्ट से जुड़े सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने बताया कि धमाके की तीव्रता कितनी थी और रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम मौके से सैंपल लेकर उनकी जांच करेगी। जांच के बाद ही ब्लास्ट में इस्तेमाल सामग्री और घटना के तरीके के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल किसी व्यक्ति या संगठन की भूमिका की पुष्टि नहीं हुई है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews