
चक्रवाती तूफान मुरासु के कमजोर पड़ने से मध्य प्रदेश में बुधवार-गुरुवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अगले 48 घंटों में बारिश का दौर थमने और मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
बुधवार, 4 नवंबर को पांच जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, इसके अलावा कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग ने दोपहर के समय सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इससे पहले सुबह 7 बजे के जारी पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे तक अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया में मौसम बदलने की संभावना जताई थी। साथ ही अनूपपुर के अमरकंटक, मंडला के कान्हा नेशनल पार्क, शहडोल के बाणसागर बांध, सीधी के संजय टाइगर रिजर्व और उमरिया के बांधवगढ़ क्षेत्र में भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी का अनुमान जताया।
पचमढ़ी सबसे ठंडा, पारा पहुंचा 13.2 डिग्री
मंगलवार, 3 नवंबर को जारी दैनिक मौसम रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा । दिन और रात के तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान मंडला में 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पचमढ़ी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
ग्वालियर और शहडोल संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 से 4.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया था। नर्मदापुरम और चंबल संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 से 2.7 डिग्री कम रहा। बालाघाट के पाला में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, खजुराहो में 32.4 डिग्री और धार, रतलाम तथा नर्मदापुरम में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान की बात करें तो शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री, भोपाल में 15.1 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा में 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आगे कैसा रहेगा मध्य प्रदेश का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से हल्की नमी आ रही है जिसके प्रभाव से 4-5 नवंबर को और बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं पूर्वी हिस्से में बारिश की स्थिति बन सकती है लेकिन 6 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान है, जिससे रात में ठंडक और बढ़ने लगेगी। खास करके नवंबर के दूसरे हफ्ते से ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान गिरावट देखने को मिलेगी।

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

