
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर के सराफा बाजार में स्थित राज ज्वेलर्स में एक महिला ग्राहक बनकर दाखिल हुई और बेहद चालाकी से व्यापारी को बेसमेंट में बंद कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई।
दरअसल यह पूरी घटना 2 नवंबर की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और इटारसी की रहने वाली 28 साल की शातिर आरोपी महिला चाहत मंसूरी उर्फ मुस्कान लोट को धर दबोचा।
चर्म रोग का बहाना बनाकर मुंह पर बांध रखा था स्कार्फ

इस चोरी को अंजाम देने के लिए महिला ने बहुत ही अनोखा और अजीब तरीका अपनाया था, जिससे व्यापारी को उस पर शक न हो। दरसअल महिला जब दुकान पर पहुंची तो उसने चर्म रोग होने का बहाना बनाकर अपना चेहरा स्कार्फ से ढका हुआ था। उसने पहले पेंडल देखा और फिर एटीएम जाने की बात कहकर बाहर निकली। 15 मिनट बाद वापस आकर उसने कान के टॉप्स मांगे। जैसे ही व्यापारी आशीष जैन टॉप्स लेने बेसमेंट के स्टोर रूम में गए, महिला ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और काउंटर से 65 लाख के जेवर चुरा लिए।
दुकान और रास्तों के 250 सीसीटीवी खंगाले
लाखों की इतनी बड़ी चोरी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे। चोरी की सूचना मिलने पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक और कोतवाली टीआई गौरव सिंह बुंदेला पुलिस बल के साथ पहुंचे।
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने एसडीओपी की अगुवाई में विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस की टीमों ने दुकान के अंदर और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

इटारसी में पहले भी कर चुकी थी ऐसी ही चोरी
पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी महिला का सुराग ढूंढ निकालने में सफलता हासिल हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुछ समय पहले इटारसी में भी बिल्कुल इसी तरह से जेवर चोरी होने की घटना हुई थी। जब पुलिस ने इटारसी के पुराने फुटेज से इस घटना के फुटेज का मिलान किया, तो संदिग्ध महिला की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस टीम ने इटारसी में घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया।

