नव संकल्प शिविर मांडू : मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा से एमपी कांग्रेस विधायकों ने सीखे लीडरशिप के गुण, विद्यार्थियों की तरह नोट्स भी बनाये

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शिविर में कहा कि भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश की जनता के हित में कांग्रेस पार्टी हरसंभव लड़ाई लड़ेगी।
Nav Sankalp Camp Mandu motivational speaker Sonu Sharma

विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस मप्र विधानसभा के मानसून सत्र से पहले प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है, इसके लिए पार्टी ने मांडू (मांडव) में 21 और 22 जुलाई को दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया है इसका नाम दिया है नव संकल्प शिविर। इसमें 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प विधायकों को दिलाया जायेगा।

इस शिविर में मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी वर्चुअली जुड़ कर विधायकों को भाजपा को घेरने की रणनीति बताएँगे, जबकि राष्ट्रीय स्तर के कई नेता शिविर में रहकर प्रोत्साहित करेंगे, दो दिन के शिविर में कुल 12 सत्र होंगे जिसमें प्रदेश सरकार की नाकामियों पर चर्चा होगी और उसे विधानसभा में कैसे घेरा जाए इसका खाका खींचा जायेगा।

मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने सिखाई लीडरशिप क्वालिटी 

शिविर की खास बात ये है कि विधायकों को प्रोत्साहित करने के लिए के लिए एक गैर राजनीतिक व्यक्ति को बुलाया गया, ये हैं मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा। उनको पहले दिन पहले सत्र के लिए आमंत्रित किया गया जिससे वे कांग्रेस विधायकों में जोश भर सकें, उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक शिविर में रहकर अपने लेक्चर दिए और लीडरशिप गुण सिखाये।

20 साल के अनुभव शेयर किये सोनू शर्मा ने 

मीडिया से बात करते हुए सोनू शर्मा ने कहा कि ये पहली बार है कि मुझे एक राजनैतिक पार्टी ने अपने विधायकों को नेताओं को लीडरशिप क्वालिटी सिखाने के लिए बुलाया है, मैं पहली बार एमपी आया और मुझे बहुत अच्छा लगा, पिछले 20 वर्षों में मैंने जो सीखा वो मैंने यहाँ बताने का प्रयास किया है, क्योंकि लीडरशिप क्वालिटी केवल राजनीति में ही नहीं हर क्षेत्र में जरूरी होती है।

विद्यार्थी की तरह विधायकों ने बनाये नोट्स 

सोनू शर्मा ने कहा कि मैं नेताओं की भीड़ देखकर थोड़ा डर गया था, मेरे मन में सवाल था कि क्या ये मुझे सुनेंगे, क्योंकि विधायकों का अपना अलग दायरा होता है लेकिन मुझे ख़ुशी हुई कि विधायकों ने ना सिर्फ मुझे बहुत देर सुना और एक विद्यार्थी की तरह मेरी बातों ने नोट्स भी बनाये, मतलब उन्होंने मेरी बातों को गंभीरता से भी लिया।

शिविर में बनेगी भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति 

आपको बता दें कांग्रेस 21 और 22 जुलाई को दो दिनों तक मांडू शिविर में मंथन करेगी , चिंतन करेगी और अपने विधायकों को प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों महिला अत्याचार, बेरोजगार, आदिवासियों की प्रताड़ना, किसानों की समस्या आदि को विधानसभा में मजबूती से उठाने और भाजपा सरकार की नाकामी को जनता तक पहुँचाने के गुर सिखाएगी।

[dgv_vimeo_video id=”1103072532″]

धार से मो. अन्सार की रिपोर्ट  

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews