गर्मी बढ़ते ही पानी की किल्लत से परेशान लोग, जरा से पानी के लिये घंटों इंतज़ार

गर्मी बढ़ते ही पानी की किल्लत से परेशान लोग, जरा से पानी के लिये घंटों इंतज़ार

डिंडोरी/प्रकाश मिश्रा

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समस्या हर साल की तरह फिर सामने आ खड़ी हुई है। शहर हो या गांव पानी का भीषण संकट देखने को मिल रहा है। मुख्यालय के वार्ड नं 3 सिद्ध टेकरी के बाशिंदे पानी की किल्लत के चलते परेशान हैं। वार्ड के रहवासियों का कहना है कि उनके घरों में निजी नल कनेक्शन लगाये गए हैं जिसके बिल का भुगतान नियमित किया जा रहा है, लेकिन नलों से पीने के लिये पर्याप्त मात्रा में पानी नही मिल रहा है जिस कारण सार्वजनिक नलों में पानी के लिए आना पड़ता है। यहां घंटो इंतजार के बाद मुश्किल से दो तीन डिब्बा पानी मिल पाता है। महिलाओं का कहना है कि हर साल यह समस्या सामने आती है जिसकी जानकारी वार्ड पार्षद नगर परिषद के अध्यक्ष सीएमओ सहित जिला प्रशासन को भी है किंतु किसी भी जिम्मेदार के द्वारा इसका कोई स्थाई समाधान अभी तक नहीं निकाला गया है। वार्डवासियों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा पानी के टैंकर भी नियमित तौर से नही भेजा जा रहा है।

बता दें कि डिंडोरी नगर परिषद के द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से नगर में जलापूर्ति के लिए शहरी नल जल योजना शुरू की गई थी इस योजना के संचालन का उद्देश्य जिला मुख्यालय के प्रत्येक वार्ड वासी तक पानी पहुंचाने का था। लेकिन मुख्यालय के वार्ड नंबर 3 की तस्वीरों को देखकर सहस ही अंदाज लगाया जा सकता है शहरी नल जल योजना का लाभ यहां के रहवासियों को कितना मिल रहा है। वहीं इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष पंकज तेकाम ने वार्ड वासियों के द्वारा टैंकर से पानी उपलब्ध ना करवाने की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रतिदिन वार्ड नंबर 3 के सिद्ध टेकरी में प्रतिदिन टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है इसके अलावा भी अन्य वार्डों मे जहां कहीं भी पेयजल की कमी पाई जाती है तो तत्काल पानी के टैंकर संबंधित वार्डों में पहुंचाए जा रहे हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews