बॉक्स ऑफिस की आग अभी बाकी है! ‘धुरंधर’ के बाद ‘डॉन 3’ में दिखेंगे रणवीर सिंह

कई महीनों की देरी और अफवाहों के बाद ‘डॉन 3’ फिर रफ्तार पकड़ रही है। रणवीर सिंह ने एक्शन ट्रेनिंग शुरू कर दी है, कृति सेनन की एंट्री तय मानी जा रही है और शूटिंग शेड्यूल को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है।
Dhurandhar 2

बॉलीवुड की सबसे चर्चित फ्रेंचाइज़ी में से एक ‘डॉन’ लंबे समय से चर्चा में थी, लेकिन हर बार देरी और अफवाहों ने फैंस की बेचैनी बढ़ा दी। अगस्त 2023 में फरहान अख्तर ने जब ‘डॉन 3’ की घोषणा की और शाहरुख खान के बाद रणवीर सिंह को नया डॉन बताया, तभी से फिल्म सुर्खियों में है।

कभी शूटिंग टलने की खबर, कभी कास्ट बदलने की चर्चा और कभी फिल्म बंद होने की अफवाह इन सबके बीच अब साफ हो गया है कि ‘डॉन 3’ आगे बढ़ रही है। रणवीर सिंह ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और मेकर्स भी अब तेजी से काम में जुट गए हैं।

क्यों बार-बार टली फिल्म Don 3

‘डॉन 3’ की अनाउंसमेंट के बाद उम्मीद थी कि फिल्म जल्दी फ्लोर पर जाएगी। शुरुआत में योजना थी कि इसकी शूटिंग जनवरी 2025 में शुरू होगी। लेकिन फरहान अख्तर के एक्टिंग कमिटमेंट्स और कुछ प्रोडक्शन इश्यूज के चलते शेड्यूल आगे खिसकता चला गया। इसके बाद विक्रांत मैसी के फिल्म छोड़ने की खबर आई, जिससे यह अफवाह फैल गई कि शायद ‘डॉन 3’ ठंडे बस्ते में चली गई है। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं। हालांकि, निर्माता की तरफ से साफ कर दिया गया कि फिल्म जरूर बनेगी, बस सही समय और सही कास्टिंग पर काम हो रहा है।

रणवीर सिंह बने नए डॉन, शुरू की दमदार एक्शन ट्रेनिंग

अब सबसे बड़ी और पक्की खबर यह है कि रणवीर सिंह ने ‘डॉन 3’ की तैयारी शुरू कर दी है। ‘धुरंधर’ की बड़ी सफलता के बाद रणवीर कोई वक्त बर्बाद नहीं करना चाहते। उन्होंने पिछले हफ्ते से ही एक्शन ट्रेनिंग शुरू कर दी है। फिल्म में रणवीर सिंह को एक नए अंदाज में दिखाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, ‘डॉन 3’ में कई हाई-लेवल एक्शन सीक्वेंस होंगे, जिनके लिए रणवीर खास ट्रेनिंग ले रहे हैं। यह सिर्फ स्टाइलिश एक्शन नहीं होगा, बल्कि इंटरनेशनल लेवल के स्टंट्स भी देखने को मिल सकते हैं। मेकर्स का प्लान है कि पहला शूटिंग शेड्यूल जनवरी के आखिर या फरवरी की शुरुआत में शुरू किया जाए। जैसे ही डेट्स फाइनल होंगी, टीम तेजी से शूट पर जाएगी।

कृति सेनन की एंट्री लगभग तय

‘डॉन 3’ को लेकर एक और बड़ी चर्चा कृति सेनन की एंट्री को लेकर है। हाल ही में उनकी फिल्म ‘तेरे इश्क में’ हिट हुई है और अब खबर है कि वे रणवीर सिंह के साथ इस फिल्म में नजर आएंगी। कृति सेनन का रोल सिर्फ ग्लैमरस नहीं होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे भी फिल्म में एक्शन करती दिखेंगी। उनका किरदार कुछ-कुछ प्रियंका चोपड़ा के ‘रोमा’ वाले रोल की तरह होगा, जिसने पिछली ‘डॉन’ फिल्मों में खास पहचान बनाई थी। पहले शेड्यूल के कुछ हिस्से सऊदी अरब के जेद्दा में शूट किए जाएंगे। इससे साफ है कि फिल्म का स्केल बड़ा होगा और लोकेशन्स इंटरनेशनल होंगी।

विक्रांत मैसी की वापसी या नया चेहरा?

‘डॉन 3’ में विलेन कौन होगा, इसे लेकर भी काफी चर्चा है। पहले खबर आई थी कि विक्रांत मैसी फिल्म से बाहर हो गए हैं। इसके बाद अभिनेता अर्जुन दास का नाम सामने आया। हालांकि, अब नई जानकारी यह है कि मेकर्स अभी भी विक्रांत मैसी को लेकर उत्साहित हैं। उनसे दोबारा बातचीत शुरू हो चुकी है और विक्रांत भी फिल्म में वापसी के इच्छुक बताए जा रहे हैं। उनकी तारीखों के हिसाब से स्क्रिप्ट में छोटे बदलाव किए जा रहे हैं। अगर विक्रांत मैसी वापस आते हैं, तो फिल्म को एक मजबूत और अलग तरह का विलेन मिल सकता है, जो कहानी को और दिलचस्प बना देगा।

Don 3 से दर्शकों को क्या उम्मीद करनी चाहिए

‘डॉन 3’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक विरासत है। शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गजों ने जिस किरदार को आइकॉनिक बनाया, अब वही जिम्मेदारी रणवीर सिंह के कंधों पर है। दर्शकों को उम्मीद है कि फिल्म में नया स्टाइल, नया एक्शन और नई कहानी देखने को मिलेगी, लेकिन ‘डॉन’ वाली फील भी बनी रहेगी। फरहान अख्तर की डायरेक्शन और रणवीर की एनर्जी इस कॉम्बिनेशन को खास बना सकती है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews