
Jawan Leak: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। यह फिल्म आज यानी 7 सितंबर को सिनेमाघर में रिलीज हो गई है। फिल्म में शाहरुख के साथ नयनतारा और विजय सेतुपति जैसे सितारे भी दिखाई दे रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को जहां जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है, तो वहीं दूसरी और मेकर्स को एक तगड़ा झटका भी लगा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलीज के बाद फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई है और इसकी कमाई पर असर पड़ सकता है।
जवान के मेकर्स को झटका
जानकारी के मुताबिक शाहरुख खान की फिल्म रिलीज के पहले ही दिन ऑनलाइन लीक हो गई है और इसका HD प्रिंट पागलवर्ल्ड, MP4मूवीज, फिल्मीजिला जैसी वेबसाइट पर लीक हुआ है। ऐसा कहा जा रहा है की लीक होने के बाद मेकर्स को करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ सकता है। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब शाहरुख खान की कोई फिल्म इस तरह से लीक हो गई हो इसके पहले उनकी फिल्म ‘पठान’ के साथ भी यही हुआ था, लेकिन फिर भी फिल्म ने जबरदस्त कमाई की थी और रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।
एडवांस बुकिंग से हुई कमाई
शाहरुख खान की फिल्म जवान भले आज सिनेमाघर में रिलीज हुई हो लेकिन इसने कमाई पहले से ही शुरू कर दी है। एडवांस टिकट बुकिंग के मामले में फिल्म में 17 करोड़ से ज्यादा कमाए हैं। बुकिंग के इन आंकड़ों से मेकर्स काफी खुश नजर आ रहे थे क्योंकि फिल्म की रिलीज से पहले इतना अच्छा रिस्पांस मिलना, उसके हिट होने के संदेश दे रहा था। धुआंधार एडवांस बुकिंग के बाद अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि पहले दिन यह फिल्म बंपर कमाई करेगी। हालांकि, इसके लीक होने के बाद कमाई पर क्या असर होता है यह देखने वाली बात होगी।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

