बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा इन दिनों अपने शो इंस्पेक्टर अविनाश को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस शो के दूसरे सीजन के अनाउंसमेंट के बाद ट्रेलर भी रिलीज कर दिया गया है। अब एक्टर को एक बार फिर बड़े पर्दे पर दमदार एक्शन करते हुए देखा जाएगा।
रणदीप हुड्डा को अब तक बड़े पर्दे पर कई तरह के किरदार पेश करते हुए देखा गया है। बॉलीवुड स्टाइल के फाइट सीक्वेंस से लेकर मुक्केबाजी तक उन्होंने कई एक्शन सीक्वेंस पेश किए हैं। उन्हें एक्शन करना पसंद है और वह पूरी शिद्दत के साथ किरदार को पर्दे पर उतारते हैं। हालांकि, एक्टर का कहना है कि अब मॉडर्न फिल्मों के एक्शन सीन बोरिंग हो चुके हैं।
उबाऊ हुए एक्शन सीन
हिंदी फिल्मों में दिखाए जाने वाले एक्शन सीन को लेकर रणदीप का कहना है कि भारतीय सिनेमा का एक्शन उबाऊ हो गया है। इसमें सॉलिड इमोशन की बहुत कमी है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक रणदीप ने कहा कि “मुझे एक्शन तब तक बहुत उबाऊ लगता है जब तक उसमें भावनाएं नहीं होती। बहुत से एक्शन सीन तमाशा बनकर रह गए हैं, उनमें कोई वास्तविक स्थिति नहीं है। इस वजह से दर्शक सिनेमाघर में उबासी लेते हैं। लेकिन जैसे ही आप उसमें भावनाएं जोड़ते हैं दर्शकों को लड़ाई में दिलचस्पी आने लगती है और किरदार असरदार बन जाता है। एक्टर का कहना है कि दर्शक एक ही तरह के एक्शन सीन से ऊब गए हैं।
कैसी है इंस्पेक्टर अविनाश 2 की कहानी
इस फिल्म की कहानी कुछ रियल लाइफ घटनाओं पर आधारित है। इस शो में 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की झलक दिखाई गई है। जहां पुलिस, प्रशासन और गुंडाराज के साथ जमकर मारधाड़ और खून खराबा है। वास्तविकता पर बनाए जाने के बावजूद भी इसमें दमदार एक्शन सीन का इस्तेमाल किया गया है। एक्टर ने बताया कि इंस्पैक्टर अविनाश में साउथ इंडियन स्टाइल के एक्शन सीन रखे गए हैं।
कब आएगा शो
इंस्पैक्टर अविनाश 2 की बात करें तो इसमें उर्वशी रौतेला, शालीन भनोट, अमित सियाल, राहुल मित्रा, आयशा, जाकिर हुसैन, जोहेब फारूकी, प्रवीण सिसोदिया, बिदिता बाग, अजय चौधरी और रजनीश दुग्गल जैसे कलाकार नजर आएंगे। शो का दूसरा सीजन पहले सीजन के 3 साल बाद जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा रहा है।






