हॉस्पिटल में भर्ती सलीम खान के हालचाल जानने पहुंचे शाहरुख खान, सलमान खान भी थे मौजूद

मशहूर पटकथा लेखक और सलमान खान के पिता सलीम खान को माइनर ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। शनिवार देर रात सुपरस्टार शाहरुख खान भी उनका हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी कार को स्पॉट किया गया।
हॉस्पिटल में भर्ती सलीम खान के हालचाल जानने पहुंचे शाहरुख खान, सलमान खान भी थे मौजूद

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान शनिवार देर रात दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान का हालचाल जानने के लिए मुंबई के लीलावती अस्पताल पहुंचे। सलीम खान को तबीयत बिगड़ने के बाद 17 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, शाहरुख खान के अस्पताल के अंदर के विजुअल्स तो सामने नहीं आए, लेकिन उनकी कार को अस्पताल के अंदर जाते और करीब एक घंटे बाद बाहर निकलते हुए देखा गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस वक्त शाहरुख खान अस्पताल पहुंचे, उस समय सलमान खान भी अपने पिता के पास ही मौजूद थे। शाहरुख और सलमान खान की दोस्ती दशकों पुरानी है और दोनों एक-दूसरे के परिवार के बेहद करीब हैं।

माइनर ब्रेन हेमरेज के बाद ICU में भर्ती

जानकारी के अनुसार, 88 वर्षीय सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह माइनर ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके बाद परिवार उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल के इमरजेंसी डिपार्टमेंट में ले गया। वहां से उन्हें ICU में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट के पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. जलील डी पारकर की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। बुधवार को डॉक्टरों ने पुष्टि की थी कि उनकी हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं।

सफलता का श्रेय सलीम खान को देते हैं शाहरुख

शाहरुख खान कई मौकों पर यह कह चुके हैं कि उनके करियर के शुरुआती दिनों में सलीम खान ने उनकी बहुत मदद की थी। वह अपनी सफलता का एक बड़ा श्रेय सलीम खान को देते हैं। यही वजह है कि जैसे ही उन्हें सलीम खान की तबीयत के बारे में पता चला, वह खुद को रोक नहीं पाए और देर रात ही उनसे मिलने पहुंच गए। दोनों परिवारों के बीच यह गहरा रिश्ता कई सालों से कायम है। शाहरुख और सलमान ने ‘करण अर्जुन’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘पठान’ और ‘टाइगर 3’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

परिवार और सेलेब्स का लगा तांता

सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद से ही पूरा खान परिवार उनके साथ है। सलमान खान और उनके भाई-बहन लगातार अस्पताल में देखे जा रहे हैं। परिवार के अलावा, फिल्म इंडस्ट्री के कई अन्य सितारे भी सलीम खान का हाल जानने पहुंचे। इनमें एक्टर रितेश देशमुख और एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा भी शामिल हैं, जो अपने बेटे के साथ अस्पताल पहुंची थीं।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews