
Farmers News : आगामी चुनाव से पहले कर्नाटक की बसवराज बोम्मई सरकार ने आज शुक्रवार को राज्य सरकार का बजट पेश करते हुए किसानों को बड़ी सौगात दी है। सीएम बसवराज बोम्मई ने किसानों को दिए जाने वाले ब्याज मुक्त अल्पकालिक ऋण की सीमा 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने की घोषणा की। यह वृद्धि अगले वित्त वर्ष से लागू होगी।
5 लाख तक मिलेगा लोन
दरअसल, कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने सदन में वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया। उन्होंने इस साल बजट में कई अहम घोषणाएं की है। राज्य विधानसभा में 2023-24 का बजट पेश करते हुए सीएम बोम्मई ने कहा कि कृषि से संबंधित गतिविधियों के लिए परेशानी मुक्त और आवश्यकता-आधारित ऋण सुविधा का प्रावधान किया गया है। इस साल 30 लाख से ज्यादा किसानों को 25,000 करोड़ रुपये का कर्ज बांटा जाएगा।
मिलेगी अतिरिक्त सब्सिडी
कर्नाटक सीएम ने बताया कि सरकार ने ‘किसान क्रेडिट कार्ड’ धारकों को एक नई योजना ‘भू श्री’ के तहत वर्ष 2023-24 में 10,000 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है।किसानों को चंदन की नई वैराइटी दी जाएगी। रेश्म पालन को 10 हजार एकड़ तक बढ़ाया जाएगा। इससे किसानों को जरूरत के समय बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री खरीदने में सुविधा होगी।
श्रम शक्ति’ योजना होगी लागू
सीएम ने कहा कि इसके लिए राज्य सरकार 2,500 रुपये का योगदान देगी और नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक) 7,500 रुपये देगा।इससे राज्य के करीब 50 लाख किसानों को लाभ होगा। किसानों और उनक परिवार के लिए जीवन ज्योति बीमा स्कीम के साथ 150 करोड़ रुपए आवंटित करने की घोषणा की है। बजट में ‘श्रम शक्ति’ योजना की भी घोषणा की है, जिसके तहत भूमिहीन महिला खेतिहर मजदूरों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के जरिये हर महीने 500 रुपये प्रति व्यक्ति की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

