MP Teachers Recruitment : चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर, 27 दिसंबर तक करें विकल्प का चयन, ये रहेंगे नियम

teacher recruitment

MP Teachers Recruitment: मध्य प्रदेश शिक्षक भर्ती के लिए चयनित उम्मीदवारों के लिए आखरी मौका है। उच्च माध्यमिक शिक्षक अभ्यर्थी मंगलवार 27 दिसंबर तक शाला विकल्प का चयन कर सकेंगे । समयावधि में अभ्यर्थी द्वारा शाला का विकल्प चयन न करने पर उपलब्ध रिक्तियों में से विभागीय प्राथमिकता के आधार पर शाला का आवंटन किया जाएगा। वही आरक्षण नियमों के तहत चयनित अभ्यर्थियों को अद्यतन प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा

दरअसल,हाल ही में स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 के उच्च माध्यमिक शिक्षक पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों के लिए शाला विकल्प चयन संबंधी निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत उच्च माध्यमिक शिक्षक पद हेतु जारी विज्ञापन 29 सितंबर 2022 के अनुक्रम में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जा रही है। चयन सूची में सम्मिलित ऐसे अभ्यर्थी, जिनके नियुक्ति आदेश पूर्व में स्कूल शिक्षा अथवा जनजाति कार्य विभाग द्वारा जारी किये जा चुके हैं, उन्हें शाला विकल्प चयन का अवसर नहीं दिया जायेगा।चयनित अभ्यर्थी 23 से 27 दिसंबर तक शाला के विकल्प का चयन कर सकेंगे।

ये रहेंगे नियम

शाला विकल्प चयन के लिए अभ्यर्थी को न्यूनतम 50 विकल्प अथवा किसी विषय में 50 से कम रिक्तियाँ होने पर समस्त रिक्तियों का चयन करना अनिवार्य होगा।  ऐसे अभ्यर्थी जिनके नाम के समक्ष प्रोविजनल लिखा गया है, उनके दस्तावेज प्रमाणीकरण हेतु विश्वविद्यालय अथवा सक्षम अधिकारी (जिसके द्वारा दस्तावेज जारी किया गया) को प्रमाणीकरण के लिए भेजे गये हैं। प्रमाणीकरण के आधार पर संबंधित अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता मान्य अथवा अमान्य की जाएगी।  इसके तहत स्कूल शिक्षा विभाग में उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 2750 पदों पर और जनजातीय कार्य विभाग में उच्च माध्यमिक की 1325 पद भरे जाने हैं।

पोर्टल पर देखें निरस्त और आऱक्षण की जानकारी

जिन अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता निरस्त की गई है, उसकी कारण सहित सूची पोर्टल trc.mponline.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।  जिन अभ्यर्थियों का चयन आरक्षण नियमों के तहत हुआ है, उन्हें अपना डिजिटल जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा और जिन अभ्यर्थियों का चयन आय आधारित आरक्षण के लाभ अंतर्गत हुआ है, उन्हें अद्यतन वित्तीय वर्ष का आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। इसी आधार पर संबंधितों की अभ्यर्थिता मान्य अथवा अमान्य की जाएगी। उच्च माध्यमिक शिक्षक नियोजन संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए अभ्यर्थी पोर्टल trc.mponline.gov.in नियमित देख सकते हैं।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews