
Old Pension Scheme : पुरानी पेंशन बहाली (OPS) आंदोलन की आंच अब राजधानी भोपाल के सर्वोच्च कार्यालय मंत्रालय वल्लभभवन तक पहुंच गई है। जिसे लेकर आज BHEL दशहरा मैदान में पुरानी पेंशन के लिए महाकुंभ का आयोजन किया गया। जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु की उपस्थिति में आंदोलन के प्रांतीय अध्यक्ष परमानन्द डेहरिया एवं प्रांतीय संरक्षक सुधीर नायक ने पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन की मंत्रालय शाखा का प्रभारी अनिल मंडलोई को बनाने की घोषणा की। प्रदेश के कोने- कोने से आए हजारों कर्मचारियों ने करतल ध्वनि से इस घोषणा का स्वागत किया।

कर्मचारियों का मिला समर्थन
प्रदेश के सभी कार्यालयों, सभी शासकीय संस्थाओं में पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन फैल चुका है लेकिन मंत्रालय अभी तक इससे अछूता था। जिससे सर्वोच्च स्तर तक पुरानी पेंशन का मुद्दा पहुंचाने में कठिनाई होती थी। आज के सम्मेलन में भी बड़ी संख्या में मंत्रालयीन कर्मचारी उपस्थित हुए। अनिल मंडलोई शीघ्र ही अपनी टीम का गठन कर मंत्रालय में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को प्रभावी ढंग से शासन के समक्ष रखने की रणनीति बनायेंगे। दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा नियम में बदलाव किया गया है। पुरानी पेंशन योजना लागू करने वाले राज्यों को वित्तीय वर्ष में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
इससे पहले इन शहरों में किया जा चुका है महाकुंभ
दरअसल, इससे पूर्व पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन की तैयारी की गई थी। इसके आयोजन और प्रदेश में पेंशन महाकुंभ के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे लेकिन अभ्यावेदन को लगातार खारिज किया जा रहा था। कर्मचारियों की कोशिश थी कि उनकी मांग सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचे। इससे पूर्व महेश्वर, जबलपुर, मैहर और उज्जैन में भी पुरानी पेंशन बहाली के लिए महाकुंभ का आयोजन किया गया जा चुका है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

