
Guna Accident News : मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाइवे क्रमांक 46 पर हुई भीषण कार दुर्घटना में एक महिला सहित 3 लोगों की मौत हो गई है। कार सवार मध्यप्रदेश के धार जिले से उत्तरप्रदेश की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी मिली है कि सुबह 7 बजे घना कोहरा छाया हुआ था, जिसकी वजह से चालक को डिवाइर दिखाई नहीं दिया और कार टकरा गई।
यह है मामला
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, धार जिले से उत्तरप्रदेश की ओर जा रही स्विफ्ट कार क्रमांक एमपी 09 सी-जेड 4902 बुधवार तड़के रानीखेजरा और लालापुरा के बीच डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया है और इसमें सवार 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान दिनेश दास निवासी जिला धार, चालक सचिन निवासी देपालपुर जिला धार और आगरा (उत्तरप्रदेश) निवासी नीलम के रूप में हुई है।
हादसा सुबह लगभग 7 बजे हुए हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरु किया गया, लेकिन इससे पहले ही कार सवार तीनों लोगों ने दम तोड़ दिया था। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के समय नेशनल हाइवे पूरी तरह कोहरे से ढंका हुआ था। इसलिए चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और कार टकरा गई। बाद में चांचौड़ा पुलिस ने तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों को भी सूचना दे दी है। इससे पहले 2 जनवरी को भी नेशनल हाइवे के साडा क्षेत्र में बोलेरो वाहन पुलिया से टकरा गया था। इस दुर्घटना में भी 3 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
गुना से संदीप दीक्षित की रिपोर्ट
