
Gwalior News : ग्वालियर शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाला तिघरा बांध इस बार इंद्र देव के आशीर्वाद से यानि अच्छी बारिश से लबालब हो गया है, लगातर हो रही बारिश के चलते कैचमेंट एरिया से बांध में तेजी से पानी पहुंच रहा है, वहीं मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बांध के जल स्तर निर्धारित मानक (739 FTL) तक बनाये रखने के लिए आज गेट खोलने का फैसला किया और एक एक कर बांध के 6 गेट खोल दिए।
बांध के जलस्तर पर नजर बनाये थे जल संसाधन विभाग के अधिकारी
तिघरा बांध के गेट खुलने की संभावनाएं पिछले कुछ दिनों से जताई जा रही थी , जल संसाधन विभाग के अधिकारी लगातार बांध के जल स्तर पर नजर बनाये हुए थे, बांध के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को, मछुआरों को, चरवाहों को आगाह कर उन्हें बांध से दूर रहने के निर्देश दिए जा रहे थे।
पहला गेट खुलते ही जनता ने लगाये पटिया वाले बाबा के जयकारे
आज दिन में 12 बजे के करीब गेटों को खोलने का फैसला लिया गया, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जैसे ही पहला गेट खोला और उसमें से निकला दूधिया पानी देखकर ग्रामीण ख़ुशी से उछल पड़े और उन्होंने जोर स एपतिया वाले बाबा की जय के जयकारे लगाये इसके बाद एक एक कर 6 गेट खोले गए। कुछ समय के बाद आखिरी सातवा गेट भी खोल दिया गया।
कलेक्टर रुचिका चौहान पहुंचीं तिघरा
जल संसाधन विभाग के मुताबिक तिघरा के निर्धारित जल स्तर को बनाये रखने के लिए गेट खोलकर उससे 3000 क्यूसेक यानि 85 क्यूमेक पानी बाहर निकाला जायेगा, विभाग ने गेट खोलने से पहले सायरन बजाकर ग्रामीणों को बांध से दूर रहने की चेतावनी दी, उधर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान अन्य अधिकारियों के साथ तिघरा पहुंची और उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।
ग्वालियर और मुरैना के इन गांवों में अलर्ट
आपको बता दें कि मंगलवार से ग्वालियर और उसके आसपास बारिश का दौर जारी है, तिघरा के कैचमेंट एरिया में भी बारिश जारी है जिससे पानी का फ्लो बढ़ रहा है इसे देखते हुए आज गेट खोलने का फैसला लिया गया जिससे बांध सुरक्षित रहे, वहीं तिघरा का पानी जिन ग्रामों के पास से होकर जाता है उन्हें अलर्ट किया गया इनमें ग्वालियर और मुरैना के गणक शामिल हैं, ग्वालियर के गांवों में ग्राम तिघरा, ग्राम कैथा, ग्राम तालपुरा, ग्राम महिदपुर, ग्राम पृथ्वीपुर, ग्राम कुलैथ, ग्राम अगरा भटपुरा, ग्राम दुगनावली व ग्राम तिलघना शामिल हैं वहीं मुरैना जिले के गांवों में ग्राम पहाड़ी, ग्राम जखौदा व ग्राम बामोर शामिल हैं।

[dgv_vimeo_video id=”1008339158″]
[dgv_vimeo_video id=”1008339260″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

