IPL क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख रुपये का हिसाब मोबाइल में मिला

IPL क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख रुपये का हिसाब मोबाइल में मिला

IPL 2023 :  ग्वालियर की क्राइम ब्रांच थाना पुलिस एवं थाटीपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैच पर कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे एक सट्टेबाज को कुम्हरपुरा से पकड़ा है, पकड़े गये सटोरिया से 2500/-रुपये नगद, एक वन प्लस कंपनी का मोबाइल तथा एक किया सेल्टोस कार को पुलिस ने जब्त किया है। सटोरिये के मोबाइल से पुलिस को लगभग बीस लाख रुपये का हिसाब-किताब मिला है।

ग्वालियर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर ग्वालियर जिले में सटोरियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना थाटीपुर क्षेत्र में रपट के पास कुम्हरपुरा में एक व्यक्ति चलती हुई किया सेल्टोस कार में सनराइजर हैदराबाद एवं गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा हैं।

सूचना के बाद एसपी ने एडिशनल एसपी क्राइम राजेश दंडोतिया को क्राइम ब्रांच थाने और थाटीपुर थाने की संयुक्त टीम को आईपीएल क्रिकेट पर सट्टा खिला रहे सटोरिये पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही संयुक्त टीम मुखबिर के बताये स्थान रपट के पास कुम्हरपुरा के पास पहुंची। पुलिस ने यहाँ सेल्टोस कार की तलाश की।

तलाशी के दौरान पुलिस को एक किया सेल्टोस कार रपट के पास कुम्हरपुरा में खड़ी दिखी, जिसके पास जाकर देखा तो उसमें एक व्यक्ति मोबाइल चलाता हुआ दिखा। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध ने कार को स्टार्ट कर भगाने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क खड़ी पुलिस टीम द्वारा उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर स्वयं को खटीक मोहल्ला रिसाला बाजार मुरार का रहने वाला बताया।

कार में बैठे व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से एक वन प्लस कंपनी का मोबाइल एवं 2500/- रुपये नगद मिले। पकड़े गये संदिग्ध से जब आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने के संबंध में पूछताछ की गई तो उसके द्वारा पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन सटोरिये के पास से मिले मोबाइल में क्रोम व्राउजर ओपन करने पर betguru.net साइट पर स्वयं की आईडी खुली हुई पाई गई, जिसमे उसके 66 क्लाइंट ऑनलाइन सट्टा खेल रहे थे।

पूछताछ करने पर उसने बताया कि एक खाईबाज द्वारा उसे लिंक भेजी गई थी जिसके माध्यम से वह सनराइजर हैदराबाद एवं गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा था। पुलिस द्वारा पकड़े गये सटोरियों के पास से लगभग 20 लाख रूपये का हिसाब-किताब भी मिला। पुलिस ने आरोपी सटोरिये के खिलाफ थाटीपुर थाने में धारा 4क पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट तथा खाईबाज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews