एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, साथियों ने किया हंगामा, प्रबंधन पर लगाये आरोप

छात्रों ने सोमवार को फिर हंगामा किया वे मुरार जिला अस्पताल पहुंचें और प्रबंधन पर एक्शन की मांग करने लगे, उनका कहना था कि मृतक छात्र का पोस्ट मार्टम कराया जाये और एमिटी यूनिवर्सिटी पर लापरवाही का मामला दर्ज किया जाये। 
death of student

Amity University Gwalior student dies : ग्वालियर स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, मौत के बाद साथी छात्रों ने हंगामा कर दिया, गंगामा करने वाले छात्रों का आरोप था कि मृतक छात्र कई दिनों से बीमार चल रहा था लेकिन उसे मांगने पर भी मेडिकल लीव नहीं दी गई इससे उसकी तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्र के शव का पीएम कराया गया है रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जायेगा।

एक सप्ताह से बीमार था छात्र आदित्य 

जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ का रहने वाला आदित्य राजपूत एमिटी यूनिवर्सिटी ग्वालियर से बी फार्मा कर रहा था, वो सातवे सेमेस्टर का छात्र था, आदित्य डीडी नगर में किराये का कमरा लेकर रहता था, साथी स्टूडेंट्स के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से आदित्य की तबियत ख़राब थी वो मैनेजमेंट से मेडिकल लीव मांग रहा था लेकिन उसकी लीव मंजूर नहीं की गई।

अस्पताल में भर्ती करने के एक घंटे बाद हो गई मौत 

रविवार को आदित्य की तबियत ख़राब हो गई जिसपर उसके साथियों ने उसे डीडी नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, चैक अप में उसकी प्लेटलेट्स बहुत कम आई, उसकी पल्स भी डाउन जा रही थी, संभवतः उसे डेंगू हुआ था,  साथियों ने उसे रात 8 बजे अस्पताल में भर्ती कराया और करीब एक घंटे बाद 9 बजे आदित्य राजपूत ने दम तोड़ दिया, आदित्य की मौत से उसके साथी आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे।

आदित्य की मौत से गुस्साए साथियों ने किया हंगामा, प्रबंधन पर एफआईआर की मांग 

छात्रों ने आदित्य के परिजनों को सूचना दी और वे सोमवार को ग्वालियर पहुंच गए, छात्रों ने सोमवार को फिर हंगामा किया वे मुरार जिला अस्पताल पहुंचें और प्रबंधन पर एक्शन की मांग करने लगे, उनका कहना था कि मृतक छात्र का पोस्ट मार्टम कराया जाये और एमिटी यूनिवर्सिटी पर लापरवाही का मामला दर्ज किया जाये।

पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा, कार्रवाई का भरोसा दिया 

छात्रों की नाराजगी देखने और उनकी बातों को समझने के बाद पुलिस ने उन्हें शांत किया और मृतक छात्र आदित्य के शव को पीएम के लिए भेज दिया। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र की बीमारी के चलते मौत हुई है, छात्रों ने हंगामा किया है, शव का पोस्ट मार्टम कराया गया है जो रिपोर्ट आयेगी उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।

[dgv_vimeo_video id=”1012425092″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews