
Gwalior Mock Drill: ग्वालियर के बिरलानगर क्षेत्र में आज अमोनिया गैस से भरा एक टैंकर स्कूल बस से टकरा गया जिससे क्षेत्र में गैस रिसाव होने लगा, सूचना मिलते ही पुलिस फ़ोर्स मौके पर पहुंचा उसने क्षेत्र को कब्जे में किया और फिर NDRF , SDRF और कैमिकल विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को रोका और बच्चों को सुरक्षित बचाया और उनका इलाज शुरू किया, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, सभी सुरक्षित और स्वस्थ हैं
दरअसल आपने अभी जो कुछ पढ़ा वो एक अभ्यास का हिस्सा है कोई वास्तविक घटना नहीं है, ये मॉकड्रिल आज ग्वालियर प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर की, जिसमें किसी भी तरह के रासायनिक हमले या आपात स्थिति में रिस्पोंस टीम का एक्शन जांचा गया।
ग्वालियर के बिरला नगर क्षेत्र में आज केंद्रीय गृह मंत्रालय से मिले निर्देश पर सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया जिसमें रसायनिक-औद्योगिक दुर्घटना के समय लोगों के बचाव के तरीके बताये गए, मॉकड्रिल में बताया गया कि एक अमोनिया गैस से भरा टैंकर स्कूल बस से टकराया, गैस रिसाव हुआ शुरू, सूचना मिलते ही सेना, बीएसएफ, पुलिस, होमगार्ड और स्वास्थ्य विभाग के दल ने तत्परता से गैस का रिसाव रोका और घायलों का इलाज किया शुरू किया।
प्रशासन ने जांची आपात स्थिति में अपनी तैयारी
दरअसल मॉकड्रिल कर जिला प्रशासन ने आपात स्थिति के लिए अपनी तैयारी को जांचा, मॉक ड्रिल में देखा गया कि आपात स्थिति में हम कितने तैयार हैं और ऐसे हादसे या हमलों में बच्चों और अन्य नागरिकों को कैसे सुरक्षित निकाला जाए, आपात स्थिति में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड, प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौजूद रहीं।
शाम को चार बजे भी होगी सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल
एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया आपातकालीन स्थिति में हमें क्या करना है किन किन विभागों का समन्वय कैसा हो ये जांचने के लिए ये एक मॉकड्रिल की गई, उन्होंने कहा ऐसी मॉकड्रिल न सिर्फ प्रशासनिक दक्षता को मजबूत करती है, बल्कि अंतर विभागीय समन्वय को भी मजबूत करती है साथ ही आम नागरिकों को भी जागरूक करती है उन्होंने बताया कि शाम को 4 बजे से भी इसी तरह की सिविल डिफेंस मॉकड्रिल आयोजित की जायेंगी।
सायरन की आवाज होते ही करना है Blackout
एसपी ने बताया कि आज 7 बजे से 8 बजे के बीच सायरन बजाये जायेंगे, आवाज सुनते ही सभी को लाइट बंद करनी है, घर की लाइट, दुकान, वाहनों की लाइट तत्काल बंद करना है, उन्होंने कहा हवाई हमलों से बचाने के लिए ब्लैकआउट बहुत जरूरी होता है उन्होंने शहर के लोगों से अपील है की है कि सायरन की आवाज आते ही तत्काल ब्लैकआउट कर दें ।
MP के पांच जिले सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के लिए चिन्हित
आपको बता दें कि बीती रात भारत की सेना ने ऑपरेशन सिन्दूर चलाकर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया उधर युद्ध के हालात से निपटने के लिए पूरे देश के चिन्हित 244 जिलों में आज सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है, मध्य प्रदेश के पांच जिलों भोपाल, इंदौर जबलपुर ग्वालियर और कटनी को मॉकड्रिल के लिए चुना गया है जिसमें ग्वालियर में मॉक ड्रिल में सुबह एक अभ्यास किया गया ।
[dgv_vimeo_video id=”1082097575″]
[dgv_vimeo_video id=”1082097666″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

