
Gwalior News : न्याय यात्रा पर निकले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने बयानों को लेकर हमेशा विवादों में रहते हैं, उनके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस रहती है। राहुल गांधी पिछले लम्बे अरसे से पीएम मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर रहे हैं, राहुल कभी पीएम की शिक्षा को लेकर तो कभी उनकी जाति को लेकर टिप्पणी करते हैं इस बार तो उन्होंने ये कह दिया कि नरेंद्र मोदी जन्म से ओबीसी नहीं है, उनकी जाति को भाजपा ने ओबीसी में शामिल किया है। राहुल के बयान के बाद विवाद शुरू हो गया है और भाजपा ने इसपर आपत्ति जताई है।
फूलबाग चौराहे पर भाजपा ने जलाया राहुल गांधी का पुतला
राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी, उनके जन्म और उनकी जाति को लेकर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया, ग्वालियर में मोर्चा के पदाधिकारियों ने फूलबाग चौराहे पर प्रदर्शन किया और राहुल गांधी का पुतला जलाया।
भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी हमेशा प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हैं जो राजनीति में ठीक बात नहीं है, वे हमेशा पीएम मोदी के बारे में ऐसी टिप्पणी करते हैं जिससे हमारे कार्यकर्ताओं की भावना आहत होती है।
भाजपा की चेतावनी- राहुल पीएम मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणी बंद करें
अभय चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी इस तरह की बातों को बंद करें, कहीं ऐसा न हो कि जनता उन्हें किसी दूसरी भाषा में जवाब दे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज समाप्ति की तरफ है इसलिए कांग्रेस और उसके नेता बौखला रहे हैं लेकिन उन्हें पीएम मोदी जैसे विश्व में सम्मानित नेता के बारे में अनर्गल बोलना बंद करना चाहिए।
[dgv_vimeo_video id=”911554113″]
[dgv_vimeo_video id=”911554353″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

