रिश्वतखोर ईई का ड्रामा : गिड़गिड़ाया.. रोने लगा… अफसरों के पैरों में गिरकर बोला मर जाऊंगा, वीडियो वायरल

PWD EE arrested taking bribe, Gwalior Lokayukta Police

Gwalior Lokayukta Police arrested PWD EE taking bribe : रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद रिश्वतखोर कैसे अपना रंग बदलता है इसका एक ताजा उदाहरण ग्वालियर में देखने को मिला है। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री पीके गुप्ता (EE PWD PK Gupta) को ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने 15000/- रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था अब कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें रिश्वतखोर इंजीनियर खुद को बचाने के लिए रोते, गिड़गिड़ाते , पुलिस अधिकारियों के पैर छूते दिखाई दे रहा है…

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा  

ग्वालियर व्यापार मेले में बिजली घर के पास ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बिजली के ए क्लास ठेकेदार महेंद्र सिंह बैस की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के ईएंडएम के कार्यपालन यंत्री पीके गुप्ता को रिश्वत लेते पकड़ा था। महेंद्र ने भिंड कलेक्टर के बंगले पर बिजली का काम किया था जिसका करीब 3 लाख रुपये का बिल भुगतान करने के बदले इंजीनियर गुप्ता ने 75,000/- रुपये की रिश्वत मांगी थी, 55,000/- हजार रुपये वो पहले ले चुका था, बाकी पैसों के लिए दबाव बना रहा था। जिसके बाद ठेकेदार महेंद्र सिंह ने लोकायुक्त में शिकायत कर दी और फिर लोकायुक्त ने ईई पीके गुप्ता को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

हाथ धुलाने के प्रयास में की नौटंकी, बोला मर जाऊंगा, पैरों में गिरा 

पकड़े जाने के बाद जब लोकायुक्त की टीम इंजीनियर गुप्ता के हाथ धुलवाने के प्रयास करने लगी तो इंजीनियर गुप्ता ने नौटंकी शुरू कर दी, बीमारी का नाटक करने लगा, बीपी, सीने में दर्द की बात करने लगा, बोलने लगा मर जाऊंगा, हालात को समझते हुए लोकायुक्त ने वहां एम्बुलेंस बुलाकर खड़ी करवा ली।

बच्चों को हवाला देते हुए रोने लगा रिश्वतखोर 

एम्बुलेंस आने के बाद भी रिश्वतखोर ईई खुद को बचाने के प्रयास करता रहा , बोला मेरे बच्चे हैं.. मैंने कुछ नहीं किया..मैं मर जाऊंगा ..वो पुलिस अधिकारियों के पैरों में गिरने लगा…अपने शरीर का पूरा वजन पुलिस अधिकारियों पर छोड़ दिया, लोकायुक्त पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि ये हमारी कार्रवाई का हिस्सा ही आप कॉपरेट कीजिये …

हाथ धुलाते ही पानी हो गया गुलाबी, जेब से निकली रश्वत की राशि  

सीनियर अफसरों ने गुप्ता को बहुत समझाया तब बहुत मुश्किल के बाद लोकायुक्त के अधिकारी रिश्वतखोर ईई पीके गुप्ता के हाथ धुलवा पाए।  हाथ धोते ही पानी का रंग गुलाबी हो गया, उसके बाद अधिकारियों ने गुप्ता की जेब में रखे रिश्वत के रुपये 15000/- रुपये निकाले और नोटों के नंबरों का मिलान कर फिर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे ओफिशियाली गिरफ्तार कर लिया।

रिटायरमेंट के नजदीक है रिश्वतखोर इंजीनियर 

आपको बता दें कि 15,000/- रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए पीडब्ल्यूडी की ईएंडएम शाखा के ईई पीके गुप्ता 61 वर्ष के है यानि वो रिटायरमेंट  के नजदीक है ऐसे में रिश्वतखोरी करते हुए पकड़े जाना उनके लिए मुसीबत बन सकता है, बहरहाल इंजीनियर गुप्ता की नौटंकी का ये वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल है।

[dgv_vimeo_video id=”887232785″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews