पवैया की एक हाँ से संवरा 11 बच्चियों का भविष्य, पिता ने बताई पूरी बात, सोशल मीडिया पर हो रही शादी की चर्चा

भाजपा नेता एवं समाजसेवी विपुल गुप्ता ने कहा बॉलीवुड सिंगर के परफॉर्मेंस पर 35 लाख रुपये खर्च करने से ज्यादा जरूरी मुझे बेटियों की जिंदगी को संवारना ज्यादा जरूरी लगा, अब मेरी एक बेटी नहीं 12 बेटियां हैं जिनका ख्याल रखना मेरी जिम्मेदारी है। 
Gwalior BJP leader 12 daughters marries

आमतौर पर सियासतदानों के बारे में लोग अलग अलग राय रखते हैं जो जैसा काम करता है लोग उसे उसी नजरिये से देखते हैं, ग्वालियर में भी कुछ ऐसा ही हुआ है जब एक नेता ने ऐसा कुछ किया कि उसकी प्रशंसा सिर्फ उसका परिवार, उसका समाज ही नहीं कर रहा, शहर के सियासी गलियारे भी कर रहे हैं, उनके द्वारा शुक्रवार को कराई गई बेटी की शादी चर्चा का विषय बन गई है। 

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शुक्रवार को हुई एक शादी समाज सेवा की मिसाल बन गई, इस अनोखी शादी की  चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है, शादी की खास बात ये है एक पिता ने अपनी बेटी के साथ 11 अन्य बेटियों के हाथ भी पीले किये और उन्हें गृहस्थी का सामान दान दहेज़ सबकुछ दिया, जिससे उनका घर संसार बस सके, इस पिता का नाम है विपुल गुप्ता। 

मीका की टीम ने मांगे 35 लाख तो बदला विचार 

जैसे हर पिता का सपना होता है कि वे अपनी बेटी की शादी धूमधाम से करें विपुल गुप्ता का भी ऐसा ही सपना था, वे चाहते थे कि उनकी बेटी स्नेहा की शादी इतने भव्य तरीके से करें कि वो यादगार बन जाये, उनके दिमाग में ख्याल आया कि वो बॉलीवुड सिंगर को बुलाएँ उसकी टीम यहाँ परफोर्म करे जिसका आनंद लोग उठायें, परिजनों ने जब इसके लिए मीका सिंह की टीम से संपर्क किया तो उन्होंने इसके लिए 35 लाख रुपये का एस्टीमेट बताया।

पवैया के प्रोत्साहन ने दी विचारों को मजबूती 

35 लाख रुपये के बॉलीवुड सिंगर पर खर्च करने की बात सामने आई तो विपुल गुप्ता का विचार बदला, उन्होंने सोचा बॉलीवुड सिंगर पर लाखों रुपये खर्च करने की जगह तो मैं गरीब बेटियों की शादी में खर्च कर दूँ, उन्होंने इस विचार पर परिवार के लोगों से, बच्चों से, दोस्तों से बात की, सबने अपनी अपनी राय रखी, फिर विपुल गुप्ता ने अपने राजनैतिक गुरु भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया से चर्चा की, पवैया ने उनकी बात सुनकर न सिर्फ ख़ुशी जताई बल्कि कहा कि ईश्वर ने तुम्हें इस नेक काम के लायक बनाया है तो इस पुण्य काम को करो। 

एक पंडाल के नीचे सजे 12 मंडप 

विपुल गुप्ता ने कहा कि दादा जयभान सिंह पवैया का आशीर्वाद मिलते ही मैंने इसे करने की ठानी और समाज की 11 गरीब कन्याओं से संपर्क किया और उनके परिजनों से बात कर उनकी भी शादी की, शुक्रवार 21 नवंबर को मुरार की गोयल वाटिका में एक पंडाल के नीचे एक साथ 12 मंडप सजे , जहाँ एक शादी होनी थी वहां सामूहिक विवाह सम्मेलन की तरह 12 शादी एक साथ हो गई, ब्राम्हणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीती रिवाज के साथ शादी संपन्न कराई , समाजसेवी विपुल गुप्ता के परिवार ने सभी 11 बेटियों को करीब 3-3 रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान अपनी तरफ से भेंट दिया।

सबसे महंगे रिसोर्ट में आशीर्वाद समारोह 

शादी यानि जयमाल, फेरों के बाद गुप्ता परिवार ने शुक्रवार की शाम ही को शहर के सबसे महंगे एम्पीरियल रिसोर्ट में सभी 11 नवदंपत्तियों और गुप्ता परिवार की बेटी स्नेहा को एक ही मंच पर बैठाकर आशीर्वाद समारोह आयोजित किया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन के लिए प्रार्थना की, ये शादी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है, लोग कह रहे हैं इवेंट के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने की जगह उसी पैसे को यदि किसी के जीवन में उजाला लाने में उपयोग किया जाये तो उससे अच्छा कोई सन्देश नहीं हो सकता।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews