राजीनामा नहीं किया तो मृतक के घर पर ही कर दी फायरिंग, कॉलोनी में खड़ी कारों के शीशे फोड़े, स्थानीय लोगों ने किया चक्काजाम

मृतक के भाई नितिन ने कहा कि वे रात को पुलिस थाने गए लेकिन पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी, हमने कार का नंबर दिया, आरोपियों का नाम, घर सब पुलिस को बताया फिर भी पुलिस एफआईआर नहीं लिख रही।
firing in gwalior

Gwalior News : ग्वालियर में बेख़ौफ़ दबंगों की दबंगई का एक मामला सामने आया है, चार दिन पहले जिस युवक की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई उसका परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बनाया और जब परिवार केस वापस लेने पर तैयार नहीं हुआ तो उसके घर पर बीती रात फायरिंग कर दी और कॉलोनी में खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए। घबराये लोग रात को पुलिस थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने शिकायत नहीं ली, गुस्साए लोगों ने कॉलोनी के गेट पर चक्का जाम कर दिया, क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की 12 बीघा कॉलोनी के लोग देर रात गोलियों की आवाज और तोड़फोड़, गाली गलौज के शोर से घबरा गए , जब लोग घरों से बाहर निकले तो उन्हें कारों के शीशे टूटे मिले, AC के आउटलेट, बिजली के मीटर, घरों के गेट टूटे मिले, घटना सीसीटीवी में कैद हो गई लोग पुलिस थाने पहुंचे लेकिन पुलिस ने कोई मदद नहीं की।

चार दिन पहले कॉलोनी के गेट पर हुई थी एक्सीडेंट में मौत 

स्थानीय निवासी नितिन झा के मुताबिक चार दिन पहले उनके भाई रजत झा की कॉलोनी के गेट पर ही कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी, घटना का सीसीटीवी सामने आया तो हमने कार के नंबर के आधार पर कार मालिक से बात की तो उन्होंने कोई मदद नहीं की और घटना से इंकार किया।

मृतक के भाई ने लगाये ये आरोप 

हमने पुलिस थाने में एफआईआर करवा दी जिससे ये लोग बौखला गए, दो दिन पहले एक महिला कुछ लोगों के साथ हमारे घर पर आई गाली गलौज करने लगी और केस वापस नहीं लेने पर देख लेने की धमकी देने लगी और रात को हमारे घर पर फायरिंग की गई आसपास खड़ी लोगों की कारों में तोड़फोड़ कर दी। हमें शक है कि ये काम उन लोगों का ही है।

पुलिस ने समझाइश देकर चक्का जाम ख़त्म कराया, 

नितिन ने कहा कि वे रात को पुलिस थाने गए लेकिन पुलिस ने हमारी बात नहीं सुनी, हमने कार का नंबर दिया, आरोपियों का नाम, घर सब पुलिस को बताया फिर भी पुलिस एफआईआर नहीं लिख रही। परेशान लोगों ने चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उधर सीएसपी आयुष गुप्ता ने कहा कि कुछ लोगों के यहाँ इकट्ठा होने की सूचना मिली थी इन लोगों से बात की जा रही है,  सीसीटीवी में जो लोग दिखाई दे रहे हैं उनकी तलाश की जा रही है, उन्होंने कहा कि आरोपी जल्दी ही पकडे जायेंगे।

[dgv_vimeo_video id=”1037731743″]

[dgv_vimeo_video id=”1037728735″]

[dgv_vimeo_video id=”1037729047″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews