मंत्री बने मैकेनिक: फिर सामने आया ऊर्जा मंत्री का नया अंदाज, वीडियो वायरल

मंत्री बने मैकेनिक: फिर सामने आया ऊर्जा मंत्री का नया अंदाज, वीडियो वायरल

Gwalior News : मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी अलग कार्यशैली और अलग अंदाज के चलते मीडिया में चर्चित रहते हैं। एक बार फिर उनका नया अंदाज सामने आया है, आज जब वे अपनी विधानसभा में जनसंपर्क के लिए निकले तो उन्होंने एक मैकेनिक को गाड़ी सुधारते हुए देखा तो हथौड़ा लेकर खुद बैठ गए और उसकी मदद करने लगे। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जनसंपर्क के दौरान एक मैकेनिक को देखकर रुक गए ऊर्जा मंत्री 

मप्र के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर में आज अपनी विधानसभा में जनसंपर्क के लिए निकले वे वार्ड 33 के डोंगरपुरा जा रहे थे तभी नौगजा रोड पर उन्हें एक मैकेनिक दो पहिया वाहन सुधारता हुआ दिखाई दिया। मैकेनिक को काम करते देख मंत्री जी तुरंत रुके और जमीन पर उकरु बैठकर मैकेनिक से बात करने लगे।

मैकेनिक के हाथ से हथौड़ा लेकर करने लगे उसकी मदद 

इसी दौरान उन्होंने मैकेनिक के हाथ से हथौड़ा लिया और उसकी मदद करने लगे, कुछ देर में ही उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।  एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ ने जब ऊर्जा मंत्री से उनके नए मैकेनिक अवतार के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीखो कमाओ योजना शुरू की है मैं युवाओं को उसी का सन्देश दे रहा हूँ।

एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ से बोले – मैंने युवाओं को सीखो कमाओ योजना का संदेश दिया है  

शहर के लोग ऊर्जा मंत्री के इस नए अवतार की चर्चा कर रहे हैं। गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर कभी नाले में उतरकर सफाई करते दिखाई देते हैं तो कभी टॉयलेट साफ़ करते, कभी सड़क पर झाड़ू लगाते दिखते हैं तो कभी नसेनी पर चढ़कर बिजली के तारों से झाड़ियाँ काटते, अक्सर वे लोगों के दरवाजे पर बैठकर दो रोटी खाते भी दिखाई देते है, इस लम्बी कड़ी में अब ऊर्जा मंत्री का मैकेनिक वाला अंदाज भी जुड़ गया है

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews