
Gwalior News : भिंड जिला पंचायत सदस्य व पूर्व जनपद अध्यक्ष संजू जाटव के पति गजराज जाटव पर ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र में प्राणघातक हमला हुआ है, उन्हें पीठ में दो गोली लगी है, इलाज के लिए गजराज को ग्वालियर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, घटना की वजह राजनैतिक रंजिश बताई जा रही है।
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम के रहने वाले गजराज सिंह जाटव की पत्नी संजू जाटव जिला पंचायत सदस्य हैं वे पूर्व में जनपद अध्यक्ष रह चुकी है। गजराज जाटव के मुताबिक वे शुक्रवार की देर रात मुरार क्षेत्र में थे और सुपावली जा रहे थे। तभी उनके परिचित युवक बंशराज धनोलिया अपने तीन साथियों के साथ मिला और ग्राम रतवाई जाने की बात बोलकर उन्हें वहां तक छोड़ने के लिए कहा। मैं उन्हें जानता था तो उनको छोड़ने के लिए राजी हो गया और अपनी गाड़ी में बिठाकर ले गए।
आरोपी मदद मांगकर गाड़ी में बैठे, इरादे भांप गजराज ब्रेक लगाकर कूद गए
गजराज ने बताया कि जब वो लोग बिजौली थाना क्षेत्र के ग्राम रतवाई रोड पर पहुंचे तो तभी गाड़ी में बैठे लोगों ने बंदूक को लोड किया, गजराज को आवाज आ गई और उसने गाड़ी में ब्रेक लगाये और गेट से कूद कर भाग गया। इस दौरान गाड़ी में बैठे बदमाशों ने उस पर तीन गोलियां चला दी, दो गोली गजराज के पीठ में जा लगी। जिससे वहां घायल हो गया और उसे घायल देख बदमाश उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
आरोपियों ने तीन फायर किये, दो गोली गजराज की पीठ में लगी
घटना का पता चलते ही परिजन घायल गजराज को निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे और इलाज के लिए भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना का पता चलते ही पुलिस की एक पार्टी निजी अस्पताल पर एक पार्टी घटना स्थल पर पहुंची, गजराज की माने तो आरोपी मेरी गाड़ी, डेढ़ लाख रुपये और लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट कर फरार हो गए जिसे पुलिस ने आरोपियों के घर से बरामद कर लिया लेकिन पुलिस आरोपियों पर कोई एक्शन नहीं ले रही।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी पकड़ से दूर
एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि संजू जाटव के पति गजराज पर हमले की शिकायत उन्होंने बिजौली थाने में की है, उन्होंने चार लोगों पर गोली चलाने के आरोप लगाये हैं, गजराज का इलाज चल रहा है, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
[dgv_vimeo_video id=”1039201138″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

