शादी से इंकार करने पर युवती की गला दबाकर हत्या, कैंसर पहाड़िया में फेंका शव, दो आरोपी गिरफ्तार

Gwalior Police solve young woman murder case

Gwalior Police solve young woman murder case

ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़िया पर झाड़ियों में युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 12 घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी ईशान खान और उसके साथी अरवाज खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा वारदात में इस्तेमाल की गई मारूती बलेनो कार भी जब्त कर ली है। युवती द्वारा शादी से इंकार करना हत्या की वजह बताई जा रही है।

पुलसी के मुताबिक आज 31 अगस्त को सुबह कैंसर पहाड़िया की झाड़ियों में एक युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कम्पू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरूआती पड़ताल में युवती के गले पर कसने के निशान मिले। जिसने युवती की हत्या की तरफ इशारा किया पुलिस ने शव की पहचान मृतका के परिजनों से कराई।

देर रात तक दुकान से घर नहीं पहुंची थी युवती, पुलिस में शिकायत 

पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तो जांच में सामने आया कि मृतका नया बाजार स्थित एक साड़ी की दुकान पर काम करती थी। रविवार देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद कम्पू  थाने में गुमशुदगी/अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई। परिजनों ने महलगांव निवासी ईशान खान पर संदेह भी जताया था।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्वालियर  धर्मवीर सिंह अधीनस्थों को पुलिस टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध ईशान खान और उसके साथी अरवाज खान को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने युवती की हत्या करना स्वीकार किया।

शादी से इंकार करने से नाराज था आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका नया बाजार स्थित मणी साड़ी की दुकान पर काम करती थी। आरोपी ईशान खान की मृतका से बातचीत होती थी और वह उससे शादी करना चाहता था। हालांकि, युवती ईशान से शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर ईशान ने अपने साथी अरवाज खान के साथ मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।

तफ्तीश में सामने आया कि आरोपियों ने पहले युवती की दुकान की रैकी की। 30 अगस्त की रात करीब 9 बजे, जब युवती दुकान से काम खत्म कर घर के लिए निकली, तभी आरोपियों ने उसे केआरजी कॉलेज के पास जबरदस्ती कार में बैठा लिया। इसके बाद वे उसे कैंसर पहाड़िया ले गए, जहां दोनों ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

परिचित से मांगकर लाए थे कार

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मारूती बलेनो कार जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कार उनके एक परिचित की है, जिसे वे शाम करीब 6 बजे मांगकर लाए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद रात करीब 11 बजे कार वापस कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार  कर लिया है औ रुनसे पूछताछ कर रही है ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews