
Gwalior News : कल बुधवार को रेत माफिया द्वारा खनिज विभाग पर किये हमले के बाद आज जिला प्रशासन की टीम ने अपनी मुहिम को और तेज कर दिया, आज गुरुवार को चार एसडीएम, पुलिस व खनिज अधिकारी की टीम ने अलग अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 8 ट्रक पकड़े और भारी मात्रा में भंडारित रेत जब्त की।
अवैध रेत परिवहन में लिप्त 7 और गिट्टी से भरा एक ट्रक पकड़ा
ग्वालियर जिले में रेत व पत्थर के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ विशेष मुहिम छेड़ दी है। गुरुवार को इस मुहिम के तहत जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर रेत के अवैध उत्खनन में लिप्त 7 ट्रक जब्त किए, साथ ही गिट्टी से भरा हुआ एक ट्रक भी जब्त किया। इसके अलावा शहर में तीन स्थानों पर औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से भण्डारित लगभग 420 घन मीटर रेत जब्त किया है। रेत के इस अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस थानों में रखवाए ट्रक
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर छापामार कार्रवाई के लिये गई जिला प्रशासन की टीम ने दीनदयालनगर व बड़ागाँव क्षेत्र में तीन स्थानों पर अवैध रूप से भण्डारित रेत जब्त करने की कार्रवाई की। इसी दौरान विभिन्न स्थानों से रेत के अवैध परिवहन में संलग्न मिले 7 ट्रक व एक ट्रक गिट्टी का जब्त किया। जब्त किए गए ट्रक संबंधित थानों में पुलिस अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं।
कार्रवाई में चार SDM, जिला खनिज अधिकारी और पुलिस अधिकारी शामिल
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिले के सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारियों को खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कार्रवाई के लिये गई टीम में एसडीएम ग्वालियर सिटी अतुल सिंह, एसडीएम मुरार अशोक चौहान, एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव व एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी तथा जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया व पुलिस अधिकारी शामिल थे।
लेखक के बारे में
Atul Saxena
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.
पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ....
पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →

