माफिया पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 12 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त

राजस्व विभाग ने पुलिस बल के सहयोग से ग्राम तुरारी स्थित 4 बीघा 7 विस्वा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर इसका कब्जा मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी को दिया।
encroachment removed

Gwalior News :  ग्वालियर जिले में शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये विशेष मुहिम जारी है। इस कड़ी में जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार को सिथौली रोड स्थित एम.पी. ट्रांसको (मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) की चार बीघा से अधिक की बहुमूल्य जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई गई है। इस कार्यवाही से एम.पी. ट्रांसको को ग्वालियर शहर और उसके आसपास पारेषण कार्य हेतु भूमि वापस उपलब्ध हो गई है।

दबंगों ने कर लिया था बेशकीमती जमीन पर कब्ज़ा 

एम.पी. ट्रांसको के मुख्य अभियंता ए.बी. गुप्ता ने बताया कि इस जमीन के अतिक्रमण मुक्त होने के कारण सिथौली रोड स्थित एम.पी. ट्रांसको के 220 के.व्ही. सब स्टेशन परिसर स्थित पारेषण भंडार को आवश्यकतानुसार विस्तारित किया जा सकेगा। सिथौली रोड, गार्डन सिटी के आसपास एम.पी. ट्रांसको की जमीन पर कुछ लोगों ने अनाधिकृत कब्जा कर रखा था। लगातार प्रयास के बाद जिला प्रशासन की मदद से इस बेशकीमती जमीन को मुक्त कराने की कार्यवाही की गई। राजस्व विभाग ने पुलिस बल के सहयोग से ग्राम तुरारी स्थित 4 बीघा 7 विस्वा जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर इसका कब्जा मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी को दिया।

अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद  

जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए गई टीम में तहसीलदार शिवदत्त कटारे, राजस्व निरीक्षक योगेश त्रिपाठी, शशांक पचौरी, अमर सिंह, अजीत अग्रवाल व पंकज कौशल शामिल थे। साथ ही पुलिस का भी इसमें सहयोग रहा। राजस्व विभाग की टीम द्वारा मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के मुकेश सक्सेना, रविन्द्र गुप्ता, रंजीत कुमार एवं लोकेश श्रीवास्तव को कब्जा दिलाया गया।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews