
Gwalior Municipal Corporation council meeting Uproar
ग्वालियर नगर निगम परिषद की बैठक में आज जोरदार हंगामा देखने को मिला, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पक्षों के पार्षदों के बीच जमकर मुंहवाद हुआ, हालात हाथापाई तक पहुंच गए लेकिन परिषद में मौजूद अन्य पार्षदों ने बीच बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया, स्थिति को देखते हुए सभापति ने बैठक को कुछ देर के लिए स्थगित कर दिया।
ग्वालियर नगर निगम की आज शुक्रवार को आयोजित बैठक शुरू होते ही हंगामे में बदल गई , इसकी वजह थी आसंदी पर पैनल सभापति की मौजूदगी, दर असल नगर निगम के सभापति मनोज तोमर आज परिषद की बैठक में नहीं थे, इसलिए उनकी जगह पर पैनल सभापति को परिषद का संचालन करना था यानि आसंदी पर बैठना था।
हुआ यूँ कि 3 बजते ही बैठक शुरू हुई घंटी जब बजी तो सभापति पैनल में नामित पहले नंबर वाले भाजपा पार्षद गिर्राज कंसाना सदन में दिखाई नहीं दिए तो पैनल में दूसरे नम्बर पर आने वाली भाजपा पार्षद मंजू राजपूत आसंदी पर बैठ गई, उनके बैठते ही कांग्रेस पार्षद अवधेश कौरव ने आपत्ति जताई, उन्होंने पैनल सभापति को लेकर नियम पढ़ने की मांग की, जब वे आपत्ति जता रहे थे, इतने में गिर्राज कंसाना भी बैठक में पहुंच गए।
हाथापाई की आई नौबत, पार्षदों ने किया बीचबचाव
अवधेश कौरव की आपत्ति का जवाब देते हुए गिर्राज कंसाना भी तैश में आ गए उन्होंने भी नियम पढ़ने की बात कही, इसी दौरान दोनों के बीच मुंहवाद शुरू हो गया दोनों पार्षद आसंदी के सामने आ गए उनके साथ अन्य पार्षद भी आ गए, देख लेने जैसे शब्दों का प्रयोग होने लगा, हालात हाथापाई तक पहुंच गई लेकिन वहां मौजूद अन्य पार्षदों ने सबको अलग किया और हालात को नियंत्रित किया।
हंगामे के पीछे ये बताई जा रही मूल वजह
इस हंगामे की सबसे बड़ी वजह आज की बैठक में होने वाले बिंदु पर चर्चा पर केन्द्रित है, जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार आज की अभियाचित बैठक में नगर निगम में केबल खरीद में गड़बड़ी की जांच रिपोर्ट पेश की जानी थी। इसमें पहले नोडल अधिकारी अभिलाषा बघेल को दोषी ठहराया गया था। लेकिन आपत्ति के बाद जब फिर से मामले की जांच समिति ने की तब उसके संयोजक भाजपा पार्षद व पैनल सभापति गिर्राज कंसाना थे। कहा जा रहा है कि यदि वे आज आसंदी पर होते तो उन्हें कोई निर्णय लेना पड़ता इसीलिए वे देरी से आये जिसकी वजह से मंजू राजपूत ने अध्यक्षता की इसी बात को लेकर सत्ता पक्ष यानि कांग्रेस ने हंगामा किया।
पैनल सभापति, आपत्ति जताने वाले कांग्रेस पार्षद ने दी सफाई
बहरहाल हंगामे के चलते आसंदी पर मौजूद पैनल सभापति मंजू राजपूत ने बैठक को स्थगित कर दिया, उन्होंने उनके द्वारा अध्यक्षता करने के सवाल पर कहा कि जो नियम हैं उसके हिसाब से ही मैंने अध्यक्षता की लेकिन कांग्रेस ने इसपर हंगामा किया, उन्होंने कहा सबको परिषद् की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए उधर मंजू राजपूत की अध्यक्षता को लेकर सवाल उठाने वाले कांग्रेस पार्षद एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव ने हाथापाई की बात से इंकार किया उन्होंने कहा सदन में सब अपनी अपनी बात रखते हैं तो आवाज ऊँची हो जाती है लेकिन हम सब पार्षद एक ही है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

