Gwalior News : बैंक के गेट पर बुजुर्ग के 50,000 रुपये लूटने वाला नाबालिग यूपी से पकड़ा, दो अन्य की तलाश जारी

Gwalior News : बैंक के गेट पर बुजुर्ग के 50,000 रुपये लूटने वाला नाबालिग यूपी से पकड़ा, दो अन्य की तलाश जारी

Gwalior News : पिछले दिनों एक बुजुर्ग के साथ सेंट्रल बैंक के गेट पर 50,000/- रुपये लूटने वाले तीन बदमाशों में से एक नाबालिग को उत्तर प्रदेश से पुलिस ने पकड़ लिया है, पुलिस ने इसके कब्जे से 50,000/- रुपये और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। पुलिस घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार न्यू कांचमिल ग्वालियर में रहने वाले 72 साल के हरिज्ञान सिंह भदौरिया जुलाई को सेंट्रल बैंक आफ इंडिया की तानसेन रोड स्थित शाखा में 50 हजार रुपये निकालने गए थे, उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकालने के बाद प्लास्टिक के एक थैैले में रख लिए थे। जब वे बैंक के बाहर निकले तो अज्ञात लड़कों ने थैले में से 50 हजार रुपये निकाल लिए उन्होंने दोनों लड़कों को तीसरे लड़के के साथ मोटर साइकिल पर बैठकर भागते देखा, पीड़ित बुजुर्ग ने ग्वालियर पुलिस थाने में एफ आई आर दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल के निर्देश पर थाना ग्वालियर एवं क्राईम ब्रांच पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज को खंगाला गया।

विवेचना के दौरान आये तकनीकी साक्ष्य व सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर संदिग्धों व घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल को चिन्हित किया जाकर उनकी तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर उक्त घटना के एक नाबालिग अपचारी को आज ललितपुर (यूपी) से अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो उसके द्वारा अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त घटना करना स्वीकार किया। पकड़े गये अपचारी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने थैले से निकाले गये 50 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त होण्डा शाइन मोटर साइकिल को जप्त किया । पुलिस टीम उक्त घटना में शामिल फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews