Gwalior News : ट्रैक्टर लूटने वाली अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, 30 हजार का था इनाम

Gwalior News : ट्रैक्टर लूटने वाली अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, 30 हजार का था इनाम

Gwalior News : ग्वालियर पुलिस ने मजदूरों को बंधक बनाकर ट्रैक्टर और ट्रॉली लूटने वाली अंतरराज्यीय गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित की है, आरोपियों पर आईजी ग्वालियर एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा ने 30 हजार का इनाम भी घोषित किया था, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया ट्रैक्टर और ट्रॉली एवं अवैध हथियार बरामद किये हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 6 और 7 जून की दरमियानी रात ग्राम कांसेर के रायपुर बांध के पास अज्ञात आरोपी नहर बनाने का काम कर रहे मजदूरों को हथियारों की दम पर डरा धमकाकर एवं ट्रैक्टर स्वामी और मजदूरों के हाथ पैर बांधकर ट्रैक्टर और ट्रॉली को लूटकर ले गये थे। घटना के बाद परिहार थाने में पुलिस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस को मालूम चला कि ट्रैक्टर और ट्रॉली को घाटीगांव क्षेत्र के दो,  बानमोर (मुरैना) क्षेत्र के तीन एवं सुभाषपुरा (शिवपुरी) क्षेत्र के एक आरोपी ने मिलकर लूटा था।

लूट के आरोपियों पर था 30 हजार रुपये का इनाम 

डकैती की घटना की गम्भीरता को देखते हुए एडीजीपी ग्वालियर डी श्रीनिवास वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर राजेश सिंह चंदेल ने घटना स्थल का दौरा किया और आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया, एडीजीपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 30 हजार का इनाम भी घोषित किया। एसपी राजेश सिंह चंदेल ने एडिशनल एसपी ग्रामीण जयराज कुबेर और एसडीओपी घाटीगाँव संतोष पटेल को प्रशिक्षु आईपीएस थाना प्रभारी पनिहार विदिता डागर के साथ डकैती की घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।

रेकी कर देते थे लूट की घटना को अंजाम 

थाना प्रभारी पनिहार प्रशिक्षु आईपीएस विदिता डागर ने थाना फ़ोर्स के साथ घटना की तफ्तीश शुरू की,  विवेचना के दौरान आये तकनीकी साक्ष्य व मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को मालूम चला कि घटना का मुख्य आरोपी  घाटीगांव का ही रहने वाला हैं वो एकांत जगह पर ट्रैक्टर होने की रेकी करता है और फिर मुरैना व शिवपुरी के अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता है। पुलिस को ये भी  पता चला कि इन लोगों ने लूटा गया ट्रैक्टर और ट्रॉली उत्तरप्रदेश के कन्नौज में अपने साथियों को बेचा है।

अंतरराज्यीय गैंग के चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में 

पुख्ता जानकारी सामने आने के बाद पुलिस की टीम ने एक एक कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, पकड़े गये आरोपियों में एक ग्राम जखौदी घाटीगांव जिला ग्वालियर, दूसरा ग्राम विजयपुरा बामौर जिला मुरैना, तीसरा ग्राम पचौखरा सरायछोला जिला मुरैना तथा चौथा ग्राम गुनाया सुभाषपुरा जिला शिवपुरी के रहने वाला है।

लूटा गया ट्रैक्टर और ट्रॉली, हथियार बरामद 

पुलिस प्रशिक्षु आईपीएस विदिता डागर के नेतृत्व में आरोपियों की निशादेही पर लूटा गया मैसी कंपनी का ट्रैक्टर और ट्रॉली व घटना में प्रयुक्त एक रेनॉल्ट कंपनी की ट्राईबर कार को कन्नौज (उ.प्र.) से बरामद किया। ट्रैक्टर की छतरी, स्पीकर, एक 315 बोर की अदिया, एक 315 बोर का जिंदा राउण्ड, एक मोटर साइकिल, नगद रकम 10250/- रूपये अन्य आरोपियों की निशादेही पर बरामद किये गये हैं।

पूछताछ में लूट की एक और घटना का खुलासा 

पकड़े गये अंतर्राज्यीय गैंग के 04 सदस्यों से पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अन्य घटनाओं का भी खुलासा हुआ है जिसमें उनके द्वारा 1 ट्रेक्टर डकैती घटना कारित करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा पकड़े गये शातिर बदमाशों से उनके अन्य साथियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

ये है वारदात का तरीका 

घाटीगाँव जिला ग्वालियर, बामौर जिला मुरैना और सुभाषपुरा जिला शिवपुरी के बदमाशों ने मिलकर नई डकैती गैंग बनाई थी। जिसमें घाटीगाँव थाना क्षेत्र के दो लड़के एकांत या जंगल में ट्रैक्टरों व बकरी चराने वालों की रेकी करते थे और फिर बामौर, सुभाषपुरा के साथियों के साथ लूट व डकैती की घटना को अंजाम देते थे। जिसमें वह अपने साथ अधिया बंदूक रखते थे, जिसकी दम पर पहले पीड़ितों को डराते थे और हाथ पैर बांधकर माल लूटकर ले जाते थे। सामान्यतः घटनाएं जंगली क्षेत्र में करते थे जिससे फरियादी को पुलिस तक पहुंचने में समय लगता था और गैंग ठिकाने तक पहुंच जाती थी।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews