कोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने गई राजस्व टीम पर हमला, जान बचाने भागे तहसीलदार, पटवारी, मामला दर्ज

हमला होते ही सीमांकन करा रही टीम के अधिकारी कर्मचारी खेतों की तरफ दौड़कर भागे और अपनी जान बचाई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर भी जमकर पत्थरबाजी की।
Gwalior News

Gwalior News :  कोर्ट के आदेश पर जमीन का सीमांकन कराने पहुंची ग्वालियर जिला प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।  जमीन पर मालिकाना हक जताने वाले लोगों ने लाठियों व पथराव की दम पर सीमांकन रुकवाया और पटवारी की कार को तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, मामला सिरोल थाना क्षेत्र के हुरावली का है। पुलिस ने दो गुटों के 14 लोगों पर केस दर्ज किया है।

दरअसल सिरोल थाना क्षेत्र के सुरक्षा विहार के पास जमीन सर्वे नंबर 899/3 की जमीन पर भागीरथ पाल और बारेलाल पाल दोनों अपना अपना मालिकाना हक जताते हैं। मामला कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने जमीन का सीमांकन कराने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर ग्वालियर जिला कलेक्टर ने राजस्व विभाग की टीम को सीमांकन के निर्देश दिए।

जमीन पर मालिकाना हक़ जताने वालों ने राजस्व अमले पर किया हमला 

कोर्ट के आदेश और कलेक्टर के निर्देश के बाद तहसीलदार अनिल राघव, नायब तहसीलदार महेन्द्र यादव, राजस्व निरीक्षक होतम सिंह यादव, राजस्व निरीक्षक राजकिशोर शर्मा, केके शर्मा हल्का पटवारी सिरोल की टीम के साथ जमीन का सीमाकंन कराने पहुंचे थे। जब सीमांकन लिए टीम मुड्डी लगा रही थी। तभी बारेलाल और भागीरथ के परिजन ने इस पर ऐतराज किया।

पटवारी की कार क्षतिग्रस्त की, जान बचाने खेतों में भागे तहसीलदार पटवारी  

इन लोगों ने विवाद शुरू कर दिया  सीमांकन रुकवाने लगे, प्रशासन की टीम ने सरकारी आदेश दिखाया उसके बाद भी एक पक्ष ने राजस्व टीम पर हमला कर दिया। हमला होते ही सीमांकन करा रही टीम के अधिकारी कर्मचारी खेतों की तरफ दौड़कर भागे और अपनी जान बचाई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर भी जमकर पत्थरबाजी की। लाठी मारकर पटवारी की कार का कांच तोड़ दिया। उस पर पत्थर पटक कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना का भी वीडियो भी सामने आया है।

14 आरोपियों पर मामला दर्ज, 10 हिरासत में 

हमला होने के बाद राजस्व  विभाग की टीम ने पुलिस को सूचना दी और फिर पुलिस थाने इसकी शिकायत की। शिकायत और वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के 14 लोगों पर मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है पुलिस ने 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 

[dgv_vimeo_video id=”1051190495″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews