
Gwalior police with modern equipment
होली के त्यौहार को देखते हुए ग्वालियर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं, एसपी धर्मवीर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे सड़कों पर हुड़दंग करने वाले, नाश आकार वाहन चलाने वाले, विवाद करने वाले, तेज वाहन चलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें, एसपी ने जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
होली के मौके पर ग्वालियर शहर की सड़कों पर इस समय पुलिस कर्मी सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर तैनात हैं, एसपी ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को शोल्डर ब्लिंकर लाईट, बॉडी वॉर्न कैमरे, लाइट बेटन, रिकॉर्डिंग पीए सिस्टम से लैस कर मैदान में उतारा है। एसपी धर्मवीर सिंह और एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल ने पुलिस कर्मियों को बीती शाम ये किट वितरित की।
एसपी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
एसपी ने कहा है कि होली के दौरान जिले में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा, जो पूर्ण संसाधनों से लैस होकर संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बलवा ड्रिल सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों सहित पुलिस बल पूर्णतः तैयार रहेगा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि डीजे संचालन निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप ही किया जाए। धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों की मर्यादा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, त्यौहारों के दौरान किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने हेतु पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति की बैठकें आयोजित कर गणमान्य नागरिकों एवं आयोजकों से समन्वय स्थापित किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पिकेट, सतत पेट्रोलिंग एवं पूर्व विवादों की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कार्यवाही की जाए।
आधुनिक उपकरणों से लैस पुलिसकर्मी
एसपी ने बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि नशा कर उत्पात मचाने, मारपीट करने एवं विवाद करने वालों की पहचान कर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। जिन क्षेत्रों में पूर्व में झगड़े या शराबखोरी की शिकायतें अधिक रही हैं, वहां विशेष चेकिंग एवं पेट्रोलिंग करें। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रिफ्लेक्टर जैकेट्स, बॉडी वॉर्न कैमरा, लाइट बेटन, रिकॉर्डिंग पीए सिस्टम, शोल्डर ब्लिंकर लाईट सहित अन्य आवश्यक गैजेट्स वितरित किये। एसपी ने कहा यातायात के पुलिस कर्मचारी व्हीआईपी ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, हाईवे ड्यूटी के दौरान सोल्डर ब्लिंकर लाईट को लगाने से आमजन में सुरक्षा की भावना में वृद्धि होगी।

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

